- Advertisement

ऊना में हिट एंड रन: कटौहड़ कलां में सड़क किनारे मिला क्षत-विक्षत श#व, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौ#त की आशंका
Hit-and-run in Una: ऊना जिले में पुलिस थाना अंब के तहत आने वाले कटौहड़ कलां में सड़क किनारे एक व्यक्ति का बुरी तरह से क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में ले लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
रात दो बजे प्रत्यक्षदर्शी ने दी पुलिस को सूचना
पंजोआ कलां के रहने वाले मोहित कुमार ने बताया कि वह देर रात करीब दो बजे कार से अपने छोटे भाई को लेने कटौहड़ कलां स्थित एक ढाबे पर जा रहे थे। जैसे ही वह कटौहड़ कलां में पीपल के पेड़ के पास पहुंचे, उन्हें सड़क पर एक व्यक्ति पड़ा हुआ दिखाई दिया।कार रोककर जब उन्होंने पास जाकर देखा तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी और शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में था। इसके बाद मोहित कुमार ने तुरंत घटना की जानकारी अंब थाना पुलिस को दी।
शुरुआती जांच: वाहन के टायरों के निशान बरामद
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जब घटनास्थल का निरीक्षण किया, तो शव बुरी तरह कुचला हुआ पाया गया। मृतक की जेब या आसपास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला।सड़क किनारे कच्ची जगह पर किसी अज्ञात वाहन के टायरों के निशान दर्ज किए गए हैं। प्राथमिक जांच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर पैदल जा रहे व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मारी और कुचलते हुए फरार हो गया।
अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज
डीएसपी अंब ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की धारा 187 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास करने के साथ-साथ फरार वाहन और उसके चालक का सुराग लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।
सुनैना
