-
Advertisement
रामपुर के विधायक नंदलाल नहीं रहे : चमियाना अस्पताल में ली अंतिम सांस , कांग्रेस ऑफिस में अंतिम दर्शन को रखी जाएगी पार्थिव देह
Rampur MLA Nandlal Passes Away : शिमला जिले की रामपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल का निधन हो गया है। उन्होंने 72 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वे पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे और शिमला के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से रामपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। नंदलाल की पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए कुछ देर में कांग्रेस ऑफिस लाया जाएगा। यहां पर पार्टी नेता और कार्यकर्ता श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद विधायक की पार्थिव देह को रामपुर ले जाया जाएगा। कल यानी बुधवार को उनके पैतृक गांव देवठी में अंतिम संस्कार होगा।
चार बार विधायक चुने गए नंदलाल
नंदलाल अपने राजनीतिक जीवन में चार बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने वर्ष 2007 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2012, 2017 और 2022 में लगातार जीत दर्ज कर रामपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वे अपने कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य मुख्य संसदीय सचिव (CPS) के पद पर भी रह चुके थे।
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने शोक संदेश में कहा कि नंद लाल अपने उसूलों पर अडिग रहने वाले और पार्टी के प्रति निष्ठावान नेता थे। उनका स्पष्ट विचारों वाला व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण सदैव याद रखा जाएगा।

डिप्टी मुकेश अग्निहोत्रीने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि नंद लाल ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा और रामपुर के विकास के लिए समर्पित किया था, और उनके निधन से प्रदेश ने एक समर्पित जनसेवक खो दिया है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर: नेता प्रतिपक्ष ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

कमांडो दल और SPG से भी जुड़े रहे
नंद लाल का जन्म 16 अप्रैल 1954 को रामपुर बुशहर के देवठी में हुआ था। उन्होंने हिमाचल विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी। शिक्षा के बाद उन्होंने आईटीबीपी में सेवाएं शुरू कीं। सुरक्षा क्षेत्र में काम करने के दौरान वह कमांडो दल और SPG से भी जुड़े रहे। बाद में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर उन्होंने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की।विधायक बनने के बाद नंद लाल को वर्ष 2013 में मुख्य संसदीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। विधानसभा में भी उन्होंने अलग-अलग समितियों के माध्यम से काम किया। वर्ष 2022 में चौथी बार चुनाव जीतने के बाद उन्हें विधानसभा की कल्याण समिति का अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद मार्च 2024 में प्रदेश सरकार ने उन्हें सातवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया। इस पद के साथ उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी प्रदान किया गया था।
