-
Advertisement
Breaking: कोविड-19 के प्रकोप के बीच Himachal में बनी छह दवाओं सहित देशभर में 25 सैंपल Fail, उद्योगों को नोटिस जारी
बद्वी। कोविड-19 के प्रकोप के बीच हिमाचल (Himachal) में बनी छह दवाओं सहित देशभर में 25 दवाओं के सैंपल फेल (Samples fail) हुए हैं। इन्हें बाजार से हटाने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रक संगठन (सीडीएससीओ) के मई माह के ड्रग अलर्ट में देशभर की फेल हुई 25 दवाओं में से हिमाचल के फार्मा उद्योगों की 6 दवाएं पैमाने पर खरा नहीं उतर पाई हैं।
बीबीएन की चार, परवाणु और सिरमौर की एक-एक उद्योग की दवा शामिल
इनमें हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन की चार, परवाणु और सिरमौर की एक-एक उद्योग की दवा शामिल हैं। सीडीएससीओ द्वारा मई माह में देशभर से 477 दवाओं के सैंपल एकत्रित किए थे, जिसमें से 452 दवाएं मानकों पर खरा उतरीं और 25 दवाएं सब स्टैंडर्ड पाईं गईं, जिसमें हिमाचल की 6 दवाएं शामिल हैं।
सैंपल फेल होने वाले उद्योगों को नोटिस जारी
सहायक राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने बताया कि सैंपल फेल होने वाले उद्योगों को नोटिस जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया फेल हुए सैंपलों के बैच मार्केट से हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इन दवाओं के सैंपल सीडीएससीओ ईस्ट जोन कोलकता, सीडीएससीओ वेस्ट जोन मुंबई, सीडीएससीओ हैदराबाद, ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट त्रिपुरा,सीडीएससीओ सब जोन बददी से लिए गए है, जबकि इनकी जांच सीडीएल कोलकता, सीडीटीएल मुंबई,आरडीटीएल चंडीगढ़,आरडीटीएल गुवाहटी में की गई है।
यह दवाएं जीएबी, की क्रिया को बढ़ाकर नींद को सामान्य करने, संक्रामक व जीवाणुनाशक संबंधित दस्त, लिपोप्रोटीन या खराब कोलेस्ट्रोल के स्तर को कम करने, एलर्जिक विकार व श्वास रोग, मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं की असामान्य व अत्यधिक गतिविधियों को नियंत्रित करके दौरे व मिर्गियों को नियंत्रित करने, जीवाण्विक संक्रमण के कम अवधि वाले उपचार आदि में प्रयोग में लाई जाती हैं।


