-
Advertisement
चिंतपूर्णी मंदिर में बैक डोर एंट्री होगी बंद, बढ़ेगा तीसरी आंख का पहरा
ऊना। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के मंदिर ( Shaktipeeth Mata Chintpurni temple) में एक ओर जहां सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता बनाने के लिए तीसरी आंख के पहरे को कड़ा किया जाएगा, वहीं बैक डोर से एंट्री ( Back door entry)करके माता के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं पर भी जल्द लगाम कसी जाएगी। श्रद्धालुओं को गलत रास्तों से मंदिर तक पहुंचाने वाले बिचौलियों ( Middlemen)के गोरखधंधे को भी बंद करने के लिए पुलिस ने प्रशासन के साथ मिलकर एक प्लान( plan) तैयार किया है जिसे जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं द्वारा बैक डोर एंट्री के कई मामले सामने आने के बाद कुछ लोगों द्वारा जिला प्रशासन को भी इसकी शिकायत की गई थी जिसके बाद प्रशासन और पुलिस ने मिलकर इस मामले की जांच और ऐसी घटनाओं पर लगाम कसने की तैयारी शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: मैड़ी होला मोहल्ला मेले में आएं तो #Corona नेगेटिव रिपोर्ट लाएं, सेना भर्ती को भी जरूरी
जाहिर है मंदिर में श्रद्धालुओं को बैक डोर से एंट्री करवा कर दर्शन करवाने वाले बिचौलियों का गोरखधंधा जल्द ही बंद कर दिया जाएगा। जिला पुलिस और प्रशासन ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए एक सिक्योरिटी प्लान तैयार किया है। योजना के बारे में खुलासा करते हुए एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ( SP Una Arjit Sen Thakur)ने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर में बैक डोर से एंट्री करने के कई मामलों की शिकायतें उनके पास पहुंची हैं। ऐसी घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पहला कदम यह उठाया जा रहा है कि समूचे शक्तिपीठ क्षेत्र में जगह-जगह पर बोर्ड लगाए जाएंगे कि यदि कोई बिचौलिया पैसे लेकर बैक डोर से माता के दर्शन कराने की बात कहता है तो उसके बारे में फौरन पुलिस को सूचित करें। इसके अलावा मंदिर क्षेत्र में 166 कैमरा स्थापित करने का एक प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा एक टोकन सिस्टम को भी तैयार किया जाएगा जिसके जरिए लिफ्ट के रास्ते किसी भी अपात्र व्यक्ति को न भेजा जा सके। यदि कोई श्रद्धालु पैसे खर्च करके माता के दर्शन करना चाहता है तो वह सरकारी सिस्टम के तहत ही इस योजना का लाभ उठाएं न कि बिचौलियों के हाथों अपने पैसे का दुरुपयोग करें। योजना को धरातल पर उतारने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है, जिसमें एडीसी, एएसपी, संबंधित एसडीएम, डीएसपी, मंदिर अधिकारी और अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है। इस कमेटी की दो बैठकें अभी तक हो चुकी है। जबकि 75 कैमरे जल्द ही स्थापित किए जा रहे हैं।

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


