-
Advertisement
कमजोर पड़ रही कोरोना की लहर, 1.73 लाख नए केस, 3617 लोगों ने तोड़ा दम
कोरोना की दूसरी लहर ( Second wave of corona) भारत में अब कमजोर पड़ती दिख रही है। आंकड़े बता रहे हैं कि ताजा मामलों में पिछले कुछ दिनों से कमी आई है लेकिन मौतों की संख्या चिंता बढ़ा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ( Ministry of Health) की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे के अंदर देश में कोरोना वायरस के 1.73 लाख नए मामले दर्ज किए गए हैं और देशभर में 3617 लोगों की जान गई है। इस समय देश में कोरोना वायरस के 22 लाख 28 हजार 724 ऐक्टिव केस ( Active case)हैं। वहीं, देश में कोरोना से अब तक कुल 3,22,512 मरीज दम तोड़ चुके हैं।
यह भी पढ़ें: Live: कोरोना की तीसरी लहर इन पर ना हो हावी ! हिमाचल में चल रही है तैयारी कुछ ऐसी
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने बताया है कि भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 20 लाख 80 हजार 48 सैंपल टेस्ट किए गए। जिसके बाद देश में अबतक कुल 34 करोड़ 11 लाख 19 हजार 909 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। देशभर में अब कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की दर 90.80 प्रतिशत पर पहुंच गई है। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 9.84 प्रतिशत पर है। दैनिक संक्रमण दर शुक्रवार को भी 8.36 प्रतिशत रहा। यह लगातार पांचवा दिन है जब दैनिक संक्रमण दर 10 फीसदी से नीचे रही है। टीकाकरण की बात करें तो अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक, देश में 20.89 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 30,62,747 वैक्सीन लगाई गईं। वहीं, कोरोना के अब तक कुल 34.1 करोड़ सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

