-
Advertisement
हिमाचल: 62 जवानों ने खाई देश सेवा की कसम, सुबाथू का सलारिया स्टेडियम बना गवाह
सोलन। हिमाचल में 42 सप्ताह की कड़ी ट्रेनिंग के बाद 14 जीटीसी के 62 जवान (Jawan) देश सेवा के लिए तैयार हो गए हैं। सोलन जिला के सुबाथू (Subathu) के सलारिया स्टेडियम में आज इन जवानों का शपथ ग्रहण समारोह (swearing-in ceremony) आयोजित किया गया। हालांकि कोविड के चलते जवानों के परिजन इस एतिहासिक पल को नहीं देख पाए। आज शनिवार सुबह 9 बजे स्टेडियम में सेंटर के कमांडेंट का मधुर धुन से स्वागत किया गया। सेना वाहन में ब्रिगेडियर एचएस संधू ने शपथ समारोह में तैनात जवानों का निरीक्षण किया। इसके बाद सेना के धर्म गुरु सूबेदार मुनेंद्र प्रसाद रतोड़ी राष्ट्रीय गान की धुन पर तिरंगे के साथ स्टेडियम में पहुंचे। इस दौरान 14 जीटीसी के कमांडेंट ब्रिगेडियर एचएस संधू ने कहा कि जब पूरा विश्व कोविड (Covid) महामारी के चलते घरों में कैद था, उस समय 14 जीटीसी के 62 जवान देश की रक्षा में तैनात होने से पहले दुश्मन को धूल चटाने का हुनर सीख रहे थे।
स्टेडियम में मौजूद सभी सैनिकों व उनके रिश्तेदारों ने अपने स्थान पर खड़े होकर तिरंगे को सलामी दी। वहीं, शपथ ग्रहण में शामिल सभी जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज (National Flag) को साक्षी मानकर गीता पर हाथ रख भारतीय संविधान का पालन करते हुए देश की रक्षा में जरूरत पड़ने पर जीवन कुर्बान करने की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण करने के बाद ट्रेनिंग के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जवानों को ब्रिगेडियर संधू ने मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान पूरी ट्रेनिंग में बेस्ट रंगरूट दीप जंग को गोरखा के जातीय हथियार चांदी की खुखरी से सम्मानित किया गया। समारोह के अंतिम चरण में सेंटर के जवानों ने खुखरी डांस और आग के गोले से कूदने का हुनर दिखाया। इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट राजेश मेहता सहित अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


