-
Advertisement
हिमाचल: जैक फिसला और चल पड़ा सड़क किनारे खड़ा ट्रक, दबने से दो की हो गई मौत
मंडी। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के मंडी जिले से दुखद खबर सामने आ रही है। सड़क हादसे (Road Accident) में एक महिला व एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना सरकाघाट उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत सुलपुर बही के बही गांव में आज सुबह घटी। मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय ब्रह्मी देवी पत्नी सुनील कुमार, गांव बही के रूप में हुई है। जबकि, मृतक व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय ट्रक चालक राकेश कुमार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार ब्रह्मी देवी जल शक्ति विभाग में बतौर सेवादार कार्यरत थी। रोजाना की तरह अपनी डयूटी के लिए जा रही थी। उस वक्त यह दर्दनाक हादसा पेश आया। फिलहाल, पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें: हिमाचलः शिमला के चीनी बंगला में खाई में गिरी कार, युवती की मौत दो घायल
बताया जाता है कि पंचर टायर को बदलने के लिए सड़क किनारे खड़े किए गए ईंटों से भरे ट्रक का जैक फिसल गया। और इसकी चपेट में आने से चालक और एक अन्य महिला की मौत हो गई। ट्रक नंबर एचपी 28 सी 5560 होशियारपुर से ईंटों की सप्लाई लेकर यहां आया हुआ था। बही गांव के पास ट्रक का टायर पंचर हो गया। टायर बदलने के लिए चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा किया और जैक लगाकर टायर को बदलने लगा।
इसी गांव की 55 वर्षीय ब्रह्मी देवी अपनी डयूटी पर जाने के लिए सड़क पर पहुंची और बस का इंतजार करने लगी। अचानक ट्रक को लगाया गया जैक फिसल गया जिस कारण ट्रक चल पड़ा कुछ दूरी बाद सड़क पर पलट गया। इसकी चपेट में चालक व महिला आ गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया गया है। बहरहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी सरकाघाट तिलक राज शांडिल्य ने मामले की पुष्टि की है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


