-
Advertisement
सीएम जयराम का ऐलान, लता मंगेशकर के नाम से जाना जाएगा हिमाचल का ये कला केंद्र
ऊना। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने ऊना जिला के समूर में बने कला केंद्र का नाम स्वर कोकिला लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) के नाम से रखने का ऐलान किया। सीएम जयराम ठाकुर शनिवार को अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ के थानाकलां पहुंचे। इस दौरान सीएम जयराम ने विधानसभा क्षेत्र में करीब 63 करोड़ की योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद समूर कला स्थित कला केंद्र का भी लोकार्पण किया गया। जबकि इसी कला केंद्र के ऑडिटोरियम में सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाने साधे। सीएम ने कहा कि ना जाने कांग्रेस के नेताओं की नजर को क्या हो गया है, जिन्हें प्रदेश में हो रहे हजारों करोड़ रुपए के विकास कार्य दिखाई ही नहीं दे रहे। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) हिमाचल के दौरे पर आते हैं और करीब 11000 करोड़ रुपए की विकास योजनाएं प्रदेश को समर्पित करते हैं। लेकिन कांग्रेस के नेता यह कहते हैं कि पीएम ने हिमाचल को दिया ही कुछ नहीं। सीएम जयराम ने कहा कि कांग्रेस (Congress) के नेता बताएं कि उन्होंने अपनी पार्टी के पीएम को कितनी बार हिमाचल बुलाया और उन पीएम ने हिमाचल को क्या-क्या दिया।
यह भी पढ़ें:सीएम जयराम की हुंकार: उड़ते पंजाब को बचाने के लिए चाहिए डबल इंजन सरकार
वहीं सीएम जयराम ने कांग्रेस के माफिया राज (Mafia Raj) अलापने पर भी जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में हुए जहरीली शराब कांड मामले के बाद यह साफ हो चुका है कि माफिया के तार किसके साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि माफिया के लोग किसी के साथ भी तस्वीरें खिंचवा सकते हैं यह बात हम भी स्वीकार करते हैं, लेकिन किसी पार्टी के पदाधिकारी का इस तरह के कांड में संलिप्त होकर पकड़े जाना बेहद शर्मनाक बात है। इतना सब हो जाने के बाद ही कांग्रेसी माफिया को लेकर अपना पल्ला छुड़ाते दिखाई दे रहे हैं। सीएम जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए समूर कलां में बनाए गए भव्य कला केंद्र का नामकरण भारत की स्वर कोकिला स्वर्गीय लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) के नाम पर करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर से बढ़कर कला के क्षेत्र में भारत की कोई भी विभूति नहीं हो सकती। हिमाचल का सौभाग्य होगा यदि हिमाचल में कला से जुड़े किसी संस्थान का नामकरण स्वर कोकिला के नाम से किया जाए।

विक्रमादित्य के बयान पर किया पलटवार
सीएम जयराम ने कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य (Congress MLA Vikramaditya) के ब्यान पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने चार साल पूरे प्रदेश में एक समान विकास किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार उनकी कांग्रेस की सरकारों की तरह नहीं है कि अंतिम वर्ष में घोषणाओं की झड़ी लगा दो। वहीं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) को लेकर उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष आजकल ज्यादा ही एनालिसिस करने लग गए और उनके बयानों को गलत ढंग से पेश कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…



