-
Advertisement
हिमाचल में नशे की तस्करी कर रहे तीन लोग धरे, एक उद्घोषित अपराधी भी पकड़ा
ऊना नाहन। हिमाचल के ऊना (Una) जिला में नशे की बड़ी खेप को पकड़ी गई है। पंडोगा बैरियर स्थित फॉरेस्ट चेक पोस्ट पर पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान 63.16 ग्राम हेरोइन (Heroin) पकड़ी है। बताया जा रहा है कि नाकेबंदी के दौरान टेंपरेरी नंबर की कार होशियारपुर की तरफ से आई। कार में सवार युवकों ने अपनी पहचान 42 वर्षीय शिवकुमार, 29 वर्षीय राजीव कुमार और 42 वर्षीय संदीप कुमार सभी निवासी भोटा जिला हमीरपुर के रूप में बताई। पुलिस कर्मचारियों ने जब कार सवार चालक शिवकुमार से गाड़ी के कागजात मांगे तो चालक ने एक किट निकाल कर कागजात देते समय उसी किट में से एक छोटी किट को छुपाने का प्रयास किया। जिसके चलते पुलिस कर्मचारियों का संदेह उस पर गहरा गया।
यह भी पढ़ें:Chitta: हिमाचल पुलिस ने ढाबे से उठा लिए दो युवक, तलाशी में मिला चिट्टा
पुलिस कर्मचारियों ने वन विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में छुपाई गई किट को निकाल कर चेक किया तो उसमें पॉलिथीन के पारदर्शी लिफाफे में कुछ पदार्थ पाया गया, इसे चेक करने पर उसकी पहचान हेरोइन के रूप में की गई। वही नाप तोल करने पर उसकी मात्रा करीब 63.16 पाई गई। एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हमीरपुर जिला के भोटा निवासी तीन युवकों को नशे की बड़ी खेप के साथ काबू करने में सफलता हासिल की है। तीनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पीओ सेल नाहन की टीम ने पकड़ा आरोपी
वहीं सिरमौर (Sirmaur) जिला पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक उद्घोषित अपराधी को धर दबोचने में सफलता हासिल की है। यह उद्घोषित अपराधी कई सालों से पुलिस गिरफ्त से बाहर चल रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस इसे सलाखों के पीछे पहुंचाने में कामयाब हुई है। दरअसल जिला पुलिस द्वारा उद्घोषित अपराधियों की धर-पकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया हुआ है। इसी अभियान के तहत पीओ सेल नाहन (PO Cell Nahan) की टीम ने वांछित उद्घोषित अपराधी मुनतीयजए निवासी गांव रायपुर, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को आज सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। इस उद्घोषित अपराधी के खिलाफ 28 अप्रैल 2011 को जिला के पांवटा साहिब पुलिस थाना में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पेश न होने की सूरत में अदालत ने इसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से ही पुलिस को इसकी तलाश थी। जिला की एएसपी बबीता राणा ने पुष्टि करते हुए बताया कि वांछित उद्घोषित अपराधी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी के खिलाफ आगामी कार्यवाही हेतु मामला न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


