-
Advertisement
हिमाचल: 19 साल की महिला सहित दो ने लगाया फंदा, एक का ब्यास में मिला शव
Last Updated on September 30, 2022 by sintu kumar
पांवटा साहिब/ बिलासपुर/कुल्लू। हिमाचल में शुक्रवार को एक 19 साल की महिला सहित दो ने फंदा लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली। महिला ने सिरमौर (Sirmaur) जिला के पांवटा साहिब और बिलासपुर (Bilaspur) में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। वहीं कुल्लू जिला में ब्यास नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पहला मामला सिरमौर जिला के पांवटा साहिब से सामने आया है। यहां धौलाकुआं में एक महिला ने आत्महत्या कर ली। मृतक महिला मंजीत (19) ने 8 महीने पहले परिजनों की रजामंदी बिना धौलाकुआं में कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद महिला और उसका पति अलग रह रहे थे। शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने बेटी के आत्महत्या करने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची। मौके पर पाया कि मंजीत का शव कमरे में पड़ा हुआ था। प्रारंभिक छानबीन में पाया गया है कि महिला ने पंखे में चुन्नी बांधकर आत्महत्या की है। मृतका का पति सतीश कुमार एक पोल्ट्री फॉर्म में काम करता है। महिला द्वारा उस समय आत्महत्या की गई जब वह पोल्ट्री फार्म में ड्यूटी के लिए गया हुआ था। मौके से पुलिस को कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:घुमारवींः खाना खाकर पढ़ाई करने कमरे में गया छात्र और लगा लिया फंदा
कॉलेज कैंटीन के कुक ने लगाया फंदा
वहीं दूसरा मामला सदर थाना बिलासपुर के तहत सामने आया है। यहां कॉलेज की कैंटीन के कुक ने किचन में मफलर से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। बताया जा रहा है कि शिवा कॉलेज चांदपुर की कैंटीन में पवन कुमार पुत्र स्वर्गीय सरवन कुमार निवासी गांव भदरोग डाकखाना नसवाल तहसील घुमारवीं यहां पार्टनरशिप पर काम करता था। शुक्रवार को जब उसके सहयोगी ने किचन का दरवाजा खोलना चाहा तो वह अंदर से बंद था। अंदर झांक कर जब किचन में देखा तो पवन फंदे पर झूल रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक विशेषज्ञ की मदद से भौतिक साक्ष्य इकट्ठे करने के बाद मृतक के शव को क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है।
जीया में ब्यास नदी से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
हिमाचल के कुल्लू जिला में ब्यास नदी में एक व्यक्ति का शव (Dead Body) मिला है। यह शव जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर जीया के पास ब्यास नदी से बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने ब्यास नदी में शव होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 28 के आसपास लग रही है और नेपाली मूल का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार यह शव नदी किनारे फंसा हुआ था और शव को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group