-
Advertisement
ऊना की फ्रेंड्स कॉलोनी फिर हुई जलमग्न, भड़के लोगों ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाईवे पर लगाया जाम
Himachal News: जिला ऊना में गुरुवार सुबह हुई भारी बारिश ने एक बार फिर फ्रेंड्स कॉलोनी के लोगों की परेशानी बढ़ा दी। तड़के हुई मूसलधार बारिश के साथ ही कॉलोनी के घरों में बरसाती पानी घुस गया, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज स्थानीय निवासी सड़क पर उतर आए और चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने के लिए प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। हालांकि, लोग इस बार केवल मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान की लिखित गारंटी की मांग की। काफी मशक्कत और बीच-बचाव के बाद ही प्रशासन ने बल प्रयोग कर सड़क से जाम हटवाया।

यात्रियों को हुई भारी परेशानी
करीब डेढ़ घंटे तक लगे इस जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में उनके घरों में इसी तरह पानी भर जाता है, जिससे लाखों रुपये का नुकसान होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से जिला प्रशासन और नेताओं द्वारा समस्या के समाधान का केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इस बार भी हालात बिगड़ने पर ही अधिकारी मौके पर पहुंचे।

न्यायालय में मामला विचाराधीन, जल्द समाधान
वहीं मौका पर पहुंचे मगर निगम के आयुक्त एवं एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि भारी बरसात के चलते फ्रेंड्ज कालोनी में जलभराव की समस्या पेश आई है। उन्होंने कहा कि बरसाती पानी का रास्ता प्रभावित होने के चलते यह समस्या पेश आई है और पुल को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाये जायेंगे।
भारी बारिश के बीच ऊना की फ्रेंड्स कॉलोनी एक बार फिर से जलमग्न हो गई। गुस्साए लोगों ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन को जाम खुलवाने के लिए पसीने छूट गए। चूंकि जलभराव से परेशान शख्स सडक पर ही लेट गया। #HeavyRains #Una #FriendsColonyUna #TrafficJam #Rain pic.twitter.com/s2yPIVC4mx
— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) August 14, 2025
सुनैना जसवाल

