-
Advertisement
हिमाचल का एक इलाका ऐसा यहां पहली बार होने जा रहा है कुछ नया,78 किलोमीटर चलना पड़ता है पैदल
Bara Bhangal : हिमाचल में कांगड़ा जिले के तहत अति दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में पंचायत चुनाव के लिए पहली बार पोलिंग बूथ स्थापित किया जा रहा है। मतदान करवाने के लिए चार सदस्यीय पोलिंग टीम हेलीकॉप्टर से जाएगी। रावी नदी के उद्गम स्थल बड़ा भंगाल तक पहुंचने के लिए करीब 78 किलोमीटर कठिन पैदल सफर तय करना पड़ता है। पंचायत की कुल जनसंख्या 650 है, जबकि यहां 487 मतदाता पंजीकृत हैं। इससे पहले वर्ष 2009 में पहली बार लोकसभा चुनाव के लिए यहां पोलिंग बूथ स्थापित किया गया था।
पहले बीड़ में होता था मतदान
हिमाचल में आमतौर पर पंचायत चुनाव दिसंबर और जनवरी में होते थे और उस समय भारी हिमपात के कारण बड़ा भंगाल का संपर्क कट जाता था। ऐसे में पंचायत चुनाव के लिए मतदान बीड़ में करवाया जाता रहा है। लेकिन इस बार पंचायत चुनाव के लिए भी बड़ा भंगाल में ही पोलिंग बूथ स्थापित किया गया है। बड़ा भंगाल के लगभग 100 मतदाताओं को अभी तक यह भी पता नहीं है कि पंचायत चुनाव के लिए कौन-कौन प्रत्याशी हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि यहां ना तो मोबाइल फोन नेटवर्क है और ना ही इंटरनेट सेवा। ये मतदाता दरअसल बीड़ में रहते हैं। लेकिन वोट डालने के लिए इस बार इन्हें बड़ा भंगाल जाना पडेगा।
-मुनीष

