-
Advertisement
हिमाचल पंचायती राज चुनाव: जोगेंद्रनगर के चौंतड़ा ब्लॉक से 30 मत पत्र गायब, ARO समेत 9 कर्मचारी हटाए
Himachal News: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव से ठीक तीन दिन पहले प्रशासनिक व्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। जोगेंद्रनगर उपमंडल के चौंतड़ा ब्लॉक के तहत आने वाली गलू पंचायत के वार्ड नंबर-3 के 30 मत पत्र (Ballot Papers) संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए हैं। इस बड़ी लापरवाही के सामने आते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम जोगेंद्रनगर ने सहायक निर्वाचन अधिकारी (ARO) सहित चुनावी ड्यूटी पर तैनात नौ कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से हटा दिया है।
स्कूल में चल रहा था काम, दो दिन पहले गायब हुए मत पत्र
जानकारी के अनुसार, गलू पंचायत के मत पत्रों की छंटनी और मिलान का काम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा में चल रहा था। यह मत पत्र दो दिन पहले ही गायब हो चुके थे। जब इसकी भनक खंड विकास अधिकारी (BDO) अनुभव तनवर को लगी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना एसडीएम जोगेंद्रनगर को दी।
एसडीएम ने शनिवार सुबह खुद संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही शनिवार सुबह एसडीएम जोगेंद्रनगर ने चौंतड़ा ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एआरओ और ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों से कड़ी पूछताछ की। जब रिकॉर्ड खंगाला गया और मत पत्रों की दोबारा गिनती हुई, तो वार्ड नंबर-3 के 30 मत पत्र सचमुच गायब मिले। इसके बाद एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूरी टीम को चुनावी ड्यूटी से कार्यमुक्त करने के आदेश जारी कर दिए।
अधिकारियों का बयान
एसडीएम जोगेंद्रनगर मनीश चौधरी के अनुसार मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार कर DC मंडी को भेज दी गई है और राज्य चुनाव आयोग को भी इससे अवगत करा दिया गया है। निष्पक्ष चुनाव हमारी प्राथमिकता है। इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर (FIR) दर्ज करवाई जा रही है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
तरह-तरह की चर्चाएं
इस घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल यह उठ रहा है कि कड़ी सुरक्षा के दावों के बीच सिर्फ एक ही वार्ड के ठीक 30 मत पत्र अचानक कहाँ गायब हो गए? क्या यह महज एक लापरवाही है या इसके पीछे चुनाव को प्रभावित करने की कोई सोची-समझी साजिश है?
गौरतलब है कि प्रदेश में मत पत्र गायब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी सोलन जिले से 2 और सिरमौर जिले से 50 मत पत्र गायब होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिन पर पुलिस पहले से ही जांच कर रही है। अब चौंतड़ा ब्लॉक का यह नया मामला सामने आने के बाद चुनाव आयोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर और कड़े कदम उठा सकता है।
लक्की शर्मा

