-
Advertisement
भारतीय कबड्डी टीम की धमाकेदार शुरुआत, जापान को 49-23 से रौंदा; निशानेबाजी में हिमांशु और रुद्रांक्ष का जलवा
Asian Games 2026: जापान के नगोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। एक तरफ जहां भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया है, वहीं दूसरी ओर निशानेबाजी में भारतीय शूटर्स ने देश का नाम रोशन करते हुए पदकों की बौछार कर दी है।
कबड्डी: मेजबान जापान को एकतरफा मुकाबले में दी मात
सुनील कुमार की कप्तानी में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने अपने पहले ही मैच में मेजबान जापान को 49-23 से करारी शिकस्त दी। मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। भारतीय रेडर्स ने जहां जापानी डिफेंस की धज्जियां उड़ाईं, वहीं डिफेंडर्स ने भी विरोधी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इस एकतरफा जीत के बाद अब भारतीय टीम अपने अगले मुकाबले में मंगलवार को साउथ कोरिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
शूटिंग: 10 मीटर एयर राइफल में हिमांशु को सिल्वर, रुद्रांक्ष को ब्रॉन्ज
निशानेबाजी में सोमवार का दिन भारत के नाम रहा। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों ने बेहतरीन निशाना साधते हुए 252.4 अंकों के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में रुद्रांक्ष पाटिल ने 230.9 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। चीन के शेंग लिहाओ (254.2 अंक) ने गोल्ड मेडल हासिल किया।
टीम इवेंट में भी निशानेबाजों ने कब्जाया सिल्वर
व्यक्तिगत स्पर्धाओं के अलावा टीम इवेंट में भी भारतीय तिकड़ी ने जलवा बिखेरा। पार्थ माने, रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों की टीम ने 1890.1 अंकों का स्कोर बनाकर भारत के लिए सिल्वर मेडल पक्का किया।
अब तक कुल 6 मेडल
एशियन गेम्स में भारत अब तक कुल 6 मेडल जीत चुका है, जिसमें से 5 मेडल अकेले निशानेबाजों ने दिलाए हैं, जबकि 1 मेडल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में आया है।
पंकज शर्मा
