-
Advertisement
HPU में तनाव: लॉ विभाग में झड़प के बाद बैग से मिले धारदार हथियार, SFI छात्र नेता गिरफ्तार
HPU Violence: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) परिसर में माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण हो गया है। विश्वविद्यालय के लॉ विभाग में स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) से जुड़े कुछ छात्र नेताओं और अन्य छात्रों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय सुरक्षा के डीएसपी गौरी शंकर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
वीसी कार्यालय के बाहर हुई जांच
झड़प के बाद कुछ छात्र नेता अपनी बात रखने कुलपति (वीसी) कार्यालय पहुंचे। वहां सुरक्षा कारणों से जब पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के बैगों की चेकिंग की, तो बैग से धारदार हथियार बरामद हुए। इस पूरी कार्रवाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें डीएसपी गौरी शंकर छात्रों से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं।
छात्रों के दावों के बीच पुलिस की सख्त कार्रवाई
सामने आए वीडियो में कुछ छात्र नेता यह सफाई देते दिख रहे हैं कि हथियार वाला बैग उनका नहीं बल्कि किसी अन्य छात्र का है। हालांकि, पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में छात्र कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित छात्र नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है और कानून की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि विश्वविद्यालय परिसर में माहौल बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और बैग में हथियार कहां से और किस मकसद से लाए गए थे, इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
संजू चौधरी
