-
Advertisement
दुनिया का अनोखा शहर: जहां एक ही घर में बसते हैं दो देश, बेडरूम नीदरलैंड्स में तो किचन बेल्जियम में
Unique City in Europe Baarle : जरा सोचिए, आप अपने घर के बेडरूम में सो रहे हैं और वो जगह नीदरलैंड्स में है, लेकिन जब आप सुबह चाय बनाने के लिए किचन में जाते हैं, तो आप बेल्जियम पहुंच जाते हैं! सुनने में किसी सपने या पहेली जैसा लगने वाला यह नजारा यूरोप के एक अनोखे शहर बार्ले (Baarle) में हर रोज देखने को मिलता है।यह कोई डरावनी या काल्पनिक जगह नहीं है, बल्कि दुनिया का सबसे दिलचस्प और अनोखा शहर है। इस शहर की खासियत यह है कि यहाँ लगभग हर चीज एक नहीं, बल्कि दो-दो है— दो पोस्ट ऑफिस, दो बड़े चर्च और दो-दो टाउनहॉल!

दो देशों के बीच बंटा है यह शहर
बार्ले शहर दो अलग-अलग हिस्सों में बँटा हुआ है। इसका एक हिस्सा नीदरलैंड्स के अधिकार क्षेत्र में आता है, जिसे ‘बार्ले-नसाउ’ (Baarle-Nassau) कहा जाता है। वहीं दूसरा हिस्सा बेल्जियम का है, जिसे ‘बार्ले-हर्टोग’ (Baarle-Hertog) कहा जाता है। यह कोई आधुनिक बंटवारा नहीं है, बल्कि इसकी शुरुआत साल 1198 में हुई थी। तब दो ड्यूक (स्थानीय शासक) थोड़ी सी जमीन को कई छोटे-छोटे टुकड़ों में बांटने पर सहमत हुए थे। उसी ऐतिहासिक समझौते का नतीजा है कि आज यह शहर दोनों देशों की सीमाओं का एक अनोखा ताना-बाना बन चुका है।
जमीन पर खिंची रेखा तय करती है आपका देश
इस शहर में घूमते वक्त लोग किस देश में खड़े हैं, इसका पता लगाना बेहद आसान है। यहां सड़कों, फुटपाथों और दुकानों के फर्श पर बकायदा बॉर्डर लाइन (सफेद क्रॉस की रेखाएं) बनी हुई हैं। एक तरफ ‘B’ (बेल्जियम) लिखा है और दूसरी तरफ ‘NL’ (नीदरलैंड्स)।

घर किस देश का माना जाएगा?
नियम के अनुसार, किसी घर का मुख्य दरवाजा (Main Entrance) जिस देश की सीमा में पड़ता है, वह घर आधिकारिक रूप से उसी देश का माना जाता है।
जब दरवाजा ही सीमा पर हो
कुछ घरों के मुख्य दरवाजे के ठीक बीच से बॉर्डर लाइन गुजरती है। ऐसे मामलों में यह पहचान करने के लिए कि घर किस देश में है, मकान मालिक अपने घर के बाहर संबंधित देश का झंडा लगाकर रखते हैं।
दो टैक्स और दो देशों की पुलिस, एक ही छत के नीचे
दो जगह टैक्स का भुगतान: कई लोगों के घर का आधा हिस्सा बेल्जियम में है और आधा नीदरलैंड्स में। ऐसे मकान मालिकों को अपने घर के बेल्जियम वाले हिस्से का टैक्स बेल्जियम सरकार को और नीदरलैंड्स वाले हिस्से का टैक्स नीदरलैंड्स सरकार को देना पड़ता है।
एक पुलिस स्टेशन, दो कानून: शहर के पुलिस स्टेशन में नीदरलैंड्स और बेल्जियम दोनों देशों के पुलिस अधिकारी एक साथ बैठकर काम करते हैं। हालाँकि, नियम इतने सख्त हैं कि एक देश का अधिकारी दूसरे देश के डिजिटल सिस्टम या फाइलों को छू तक नहीं सकता।
खरीददारी का अनोखा अनुभव
बार्ले के नागरिकों को इस अनोखी सीमा व्यवस्था का काफी फायदा भी मिलता है। नीदरलैंड्स में खाने-पीने का सामान और राशन सस्ता मिलता है, जबकि सीमा पार करते ही बेल्जियम वाले हिस्से में सिगरेट, ड्रिंक्स और सुपरमार्केट की चीजें काफी सस्ती होती हैं। यहाँ के निवासी बखूबी जानते हैं कि उन्हें अपनी कौन सी जरूरत का सामान किस देश की दुकान से खरीदना है। दो संस्कृतियों, दो कानूनों और दो देशों के इस अनोखे संगम को देखने के लिए हर साल दुनिया भर से हजारों पर्यटक इस पहेली जैसे शहर में पहुंचते हैं।
पंकज शर्मा
