-
Advertisement
हिमाचल में पार्ट टाइम वाटर कैरियर और दैनिक वेतनभोगी होंगे नियमित, निदेशालय ने जारी किए निर्देश
Himachal News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में कार्यरत पात्र पार्ट टाइम वाटर कैरियर और दैनिक वेतनभोगी चपरासियों को दिवाली के बाद बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश सरकार ने इन कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने की औपचारिक मंजूरी प्रदान कर दी है। सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने भी 5 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला उपनिदेशकों को इस संबंध में त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, वर्ष 2026 के लिए पात्र कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया विभाग द्वारा 10 सितंबर 2026 को जारी किए गए दिशा-निर्देशों और सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित शर्तों के तहत पूरी की जाएगी।
11 जिलों के उपनिदेशकों को दिए निर्देश
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिले के उपनिदेशकों को अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले पात्र चतुर्थ श्रेणी (Class-IV) कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा है।
सिरमौर जिला से अलग से मांगा गया प्रस्ताव
निदेशालय के ध्यान में आया है कि सिरमौर जिला के उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा के अधिकार क्षेत्र से पात्र दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण और तैनाती का प्रस्ताव पहले प्राप्त नहीं हुआ था। इसके चलते सिरमौर के उपनिदेशक को अलग से प्रस्ताव भेजने के विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। इस प्रस्ताव में पात्र कर्मचारियों के नाम वरिष्ठता क्रम (seniority order) में और उपलब्ध स्वीकृत रिक्त पदों के विरुद्ध दर्शाने होंगे।विभाग ने स्पष्ट किया है कि सक्षम प्राधिकारी की अंतिम मंजूरी और निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी पाए जाने के बाद ही कर्मचारियों के नियमितीकरण पर विचार कर आदेश जारी किए जाएंगे।
अनु गुप्ता
