-
Advertisement
सुंदर ठाकुर के साथ हो रहा मजाक, सुक्खू के पीछे-पीछे घूमते हैं , अगले 25 साल तक सत्ता से बाहर रहेगी कांग्रेस
Jai Ram Thakur: मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर बीजेपी द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखे राजनीतिक हमले बोले। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पर शनि की महादशा बैठ चुकी है और वह अगले 25 वर्षों तक सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी। जयराम ठाकुर ने सुंदर सिंह ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्री पद के नाम पर उनके साथ मजाक हो रहा है। जहां-जहां सीएम सुक्खू जाते हैं, सुंदर ठाकुर पीछे-पीछे चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि अब सुंदर ठाकुर की नहीं, बल्कि खुद सीएम सुक्खू की राजनीतिक कुंडली खराब हो चुकी है।
वीरभद्र सिंह के अपमान का आरोप, बीजेपी पूरी तरह एकजुट
नेता प्रतिपक्ष ने रोहड़ू में पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेता अपनी ही गलतियों से जनता के सामने बेनकाब हो रहे हैं। बीजेपी में गुटबाजी के दावों को खारिज करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजेपी पूरी तरह एकजुट है और पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक वापसी सुनिश्चित करेगी।
‘भीड़तंत्र और साजिशों से नहीं बनती सरकार’
जयराम ठाकुर ने कहा कि भीड़तंत्र से सत्ता नहीं मिलती, इसके लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है। साजिशों से सरकारें नहीं बनतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी का विरोध करते-करते कांग्रेस अब देश का विरोध करने पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जुटाई गई भीड़ से अधिक जनसैलाब हिमाचल में बीजेपी के आम कार्यक्रमों में उमड़ रहा है। उन्होंने चुनौती दी कि यदि कांग्रेस को लगता है कि वोट चोरी हुए हैं, तो सीएम सुक्खू तुरंत इस्तीफा दें और विपक्ष के सभी सांसद भी त्यागपत्र देकर जनता के बीच जाएं।
आपदा राहत छोड़ जश्न में व्यस्त सरकार: जयराम
प्रदेश सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य के आपदा प्रभावित लोग आज भी राहत का इंतजार कर रहे हैं, जबकि सरकार जश्न मनाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक नंदलाल के आकस्मिक निधन पर शोक जताने के बजाय सीएम चंबा में जश्न मनाते रहे। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसा कि सीएम 68 विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से 68 जिले भी बना लें, तब भी कांग्रेस सत्ता में वापसी नहीं कर सकेगी।
संजीव
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
