-
Advertisement
BBMB पर 15 साल से अटका हिमाचल का हक कांग्रेस सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से मिला
CM Sukhwinder Singh Sukhu: सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक जीत करार दिया है। उन्होंने इसका श्रेय प्रदेश सरकार की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और लगातार किए गए प्रयासों को दिया। नई दिल्ली से लौटे सीएम सुक्खू ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हिमाचल के अधिकारों का यह मामला पिछले करीब 15 वर्षों से अटका हुआ था। अदालत से पक्ष में फैसला आने के बावजूद पिछली सरकारों की ढिलाई और समय पर हलफनामे दाखिल न करने के कारण मामला लटकता रहा, लेकिन वर्तमान सरकार की प्रतिबद्धता से आखिरकार प्रदेश को अपना हक मिला है।
किशाऊ बांध समझौता बना जीत की पटकथा
सीएम सुक्खू ने बताया कि BBMB मामले में मिली सफलता के पीछे किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना के समझौते को मुख्य कड़ी बनाया गया।16 दिसंबर को केंद्र सरकार को पत्र लिखकर स्पष्ट कर दिया गया था कि हिमाचल किशाऊ बांध परियोजना पर समझौते के लिए तभी आगे बढ़ेगा, जब हरियाणा सरकार BBMB मामले में हिमाचल के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल करेगी।केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और सचिव स्तर पर बार-बार मुद्दा उठाकर हरियाणा को हलफनामा देने के लिए तैयार किया गया।पंजाब सरकार ने शुरुआत में हलफनामा देने में आनाकानी की, लेकिन हिमाचल सरकार अपने रुख पर अड़ी रही। यदि प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार होती तो हिमाचल को बिना शर्तें माने समझौता करना पड़ता।
बिजली बेचकर 1,000 करोड़ रुपये तक की आय की उम्मीद
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार हिमाचल प्रदेश को अगले 20 वर्षों में 55 करोड़ यूनिट बिजली मिलने का अधिकार प्राप्त हुआ है।यदि इस बिजली को लगभग 6 रुपये प्रति यूनिट की दर से बेचा जाता है, तो प्रदेश को सीधे 500 करोड़ रुपये की आय होगी।सरकार का प्रयास रहेगा कि इस बिजली का अधिकतम मूल्य प्राप्त किया जाए, जिससे राज्य के खजाने में 1,000 करोड़ रुपये तक का राजस्व आ सकता है।
आम जनता और उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
सीएम सुक्खू ने कहा कि इस जीत से प्राप्त राजस्व का इस्तेमाल प्रदेश की 75 लाख आबादी के जनकल्याण और विकास कार्यों पर किया जाएगा। इसका सीधा लाभ आम बिजली उपभोक्ताओं को भी मिलेगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विरोध करना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन प्रदेश के हितों के मामलों में सभी को एकजुट होकर समर्थन करना चाहिए। सच की लड़ाई लंबी जरूर हो सकती है, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति से अंततः जीत हासिल होती है।
संजू चौधरी
