-
Advertisement
हिमाचल के वकील धर्मा ने ना ज्योतिष से पूछा ना मुहूर्त निकलवाया, संविधान को साक्षी मान ब्याह रचाया
Himachal Lawyer Marriage : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर निवासी एडवोकेट (Himachal Lawyer) सुरेंद्र सिंह धर्मा (Surendra Singh Dharma) ने संविधान को साक्षी (Witness of The Constitution) मानकर विवाह कुमारी हेमलता से ब्याह रचाया है। जिसकी अब सब तरफ चर्चा हो रही है। कफोटा क्षेत्र के एडवोकेट सुरेंद्र सिंह धर्मा ने डॉ भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर शादी के लिए ना तो ज्योतिषी से मुहूर्त निकलवाया और ना ही पारंपरिक कर्मकांडों को अनिवार्य माना। दोनों ने आपसी सहमति से विवाह का दिन चुना और वैवाहिक जीवन निभाने की शपथ ली। शिलाई (Shilai) क्षेत्र के धाड़मा गांव के रहने वाले सुरेंद्र धर्मा व तहसील कुपवी, जिला शिमला (Distt Shimla) के गांव टंडाई की रहने वाली कुमारी हेमलता (Hemlata) ने अपनी इच्छा और आपसी सहमति से छुट्टी का दिन चुना और उसी दिन विवाह (Marriage) करने का निर्णय लिया।
मुहूर्त के बजाय आपसी सहमति और सुविधा को दी प्राथमिकता
इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि वर और वधू पक्ष ने शादी की तिथि तय करने के लिए किसी ज्योतिषी या पंचांग से शुभ मुहूर्त नहीं निकलवाया। दोनों परिवारों और वर-वधू ने अपनी इच्छा, सुविधा और आपसी सहमति से एक अवकाश (छुट्टी) का दिन चुना और उसी दिन विवाह संपन्न करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया। समारोह के दौरान दोनों ने संविधान की प्रस्तावना और मूल्यों को साक्षी मानकर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया तथा समानता और सम्मान के साथ वैवाहिक जीवन निभाने की शपथ ली।
आडंबर का विरोध, पर लोक संस्कृति का रखा पूरा मान
पेशे से अधिवक्ता सुरेंद्र सिंह धर्मा लंबे समय से सामाजिक जागरूकता और सुधार के कार्यों में सक्रिय हैं। उनका मानना है कि विवाह दो व्यक्तियों और दो परिवारों का आत्मीय मिलन है, जिसके लिए खर्चीले आडंबरों या विशेष मुहूर्त की बाध्यता नहीं होनी चाहिए। हालांकि, इस प्रगतिशील पहल के साथ-साथ उन्होंने अपनी जड़ों और स्थानीय लोक संस्कृति को भी पूरा सम्मान दिया। विवाह में बाकायदा पारंपरिक रीति से बारात निकाली गई और ‘मामा स्वागत’ सहित अन्य स्थानीय सांस्कृतिक रस्में भी हर्षोल्लास के साथ निभाई गईं। दोनों परिवारों ने इस अनूठी पहल का खुले दिल से समर्थन किया।
-अनु गुप्ता
