-
Advertisement
अपनों ने ठुकराए दो बेसहारा, बने एक-दूसरे का “सहारा”,75 की उम्र में कन्हैया ने ब्याही सबीना-Video
Love Story Of Old Age Home In Himachal : प्यार और साथ की कोई उम्र नहीं होती, इस बात को बिलासपुर जिले में एक बुजुर्ग जोड़े ने सच कर दिखाया है। बुधवार को बिलासपुर के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में एक बेहद अनोखा और भावनात्मक विवाह संपन्न हुआ। 75 साल के दूल्हे कन्हैया लाल ने शेरवानी पहनकर बारात निकाली, तो 63 साल की दुल्हन सबीना ने लाल साड़ी पहनकर पूरे रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए।
शहनाइयों की गूंज और स्टेज पर हुई वरमाला
बुधवार सुबह से ही ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में किसी त्योहार जैसा उत्साह और रौनक देखने को मिली। इस खास मौके के लिए बाकायदा टेंट लगाया गया और भव्य स्टेज सजाया गया।शहनाई की मधुर धुनों के बीच स्टेज पर दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।वृद्धाश्रम में रह रहे अन्य बुजुर्गों और संस्थान के सदस्यों ने भी बाराती और घराती बनकर इस समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नवदंपती के सुखद जीवन की कामना की।
डीसी बिलासपुर समेत कई अधिकारी बने शादी के गवाह
इस अनूठे विवाह समारोह में प्रशासनिक अधिकारी भी नवदंपती को आशीर्वाद देने पहुंचे। डीसी बिलासपुर किरण भड़ाना ने शादी में शिरकत कर नवदंपती को बधाई दी और शगुन भेंट किया। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। समारोह में जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल और ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम के संस्थापक प्रकाश बंसल सहित कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे। शादी के बाद यह नवदंपती नालागढ़ स्थित वृद्धाश्रम में अपने नए जीवन की शुरुआत करेगा।
गुफा में रहे कन्हैया, अपनों से बिछड़ीं सबीना
इस रिश्ते के पीछे दोनों के जीवन का गहरा दर्द और अकेलापन छिपा है, जिसे अब एक-दूसरे के साथ से नया सहारा मिल गया है। कन्हैया लाल का संघर्ष: 75 वर्षीय कन्हैया लाल मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव के रहने वाले हैं। पत्नी के निधन के बाद उनके भाइयों ने उन्हें घर से बेदखल कर दिया था। बेघर होने के बाद उन्होंने कई दिन एक गुफा में बिताए, जिसके बाद वे किसी तरह इस वृद्धाश्रम तक पहुंचे। 63 वर्षीय सबीना मूल रूप से कोलकाता की निवासी हैं। वे अपने परिवार के साथ शिमला घूमने आई थीं, लेकिन वहां अपनों से बिछड़ गईं। शुरुआत में मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे अपना पता नहीं बता पाईं। स्वस्थ होने के बाद उन्होंने वृद्धाश्रम को ही अपना घर मान लिया और यहीं रहने का फैसला किया।अब जीवन की इस सांझ में कन्हैया लाल और सबीना एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी बन गए हैं।
भावना ठाकुर
