-
Advertisement
Sukhu कैबिनेट में कृषि मंत्री Chander Kumar ने “नए जिलों” को लेकर अपनी ही सरकार की निकाली हवा
Himachal Agriculture Minister Chander Kumar : हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर चल रही राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चाओं के बीच सुक्खू सरकार के कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा है कि राज्य में नए जिलों के निर्माण पर किसी भी तरह का विचार जनगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किया जाना चाहिए।
जनगणना और आंकड़ों के आधार पर हो निर्णय
कृषि मंत्री चंद्र कुमार के अनुसार, वर्तमान समय में नए जिले बनाने की चर्चा करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि पहले जनगणना पूरी होनी चाहिए, ताकि जनसंख्या के ठोस आंकड़ों के आधार पर प्रशासनिक जरूरतों का सही आकलन किया जा सके। उनका मानना है कि बिना ठोस आंकड़ों और वास्तविक जरूरत के नए जिले बनाना राज्य सरकार के खजाने पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल सकता है।
विकास कार्यों का बजट हो सकता है प्रभावित
नए जिलों के गठन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि एक नया जिला बनाने के लिए उपायुक्त (डीसी) कार्यालय से लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और बुनियादी सुविधाओं का एक नया और बड़ा ढांचा खड़ा करना पड़ता है। इससे सरकार का प्रशासनिक खर्च काफी बढ़ जाएगा, जिससे विकास कार्यों के लिए उपलब्ध बजट का एक बड़ा हिस्सा केवल व्यवस्था संचालन में ही खर्च होने की आशंका रहेगी।
मौजूदा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
चंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान में तहसील, ब्लॉक और विभिन्न विभागीय कार्यालयों के माध्यम से आम जनता को स्थानीय स्तर पर ही कई सुविधाएं मिल रही हैं। इसके अतिरिक्त, डिजिटल सेवाओं के विस्तार से सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और सुगमता आई है, जिससे लोग घर बैठे कई सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। ऐसे में नए जिले बनाने के बजाय मौजूदा प्रशासनिक ढांचे को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है।
बेहतर सड़क नेटवर्क से आसान हुआ आवागमन
बड़े जिलों में लोगों को होने वाली परेशानियों के तर्क पर मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क और संपर्क सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। इसके कारण अब बड़े जिलों में भी आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान है और लोग एक ही दिन में जिला मुख्यालय पहुंचकर अपने काम निपटाने के बाद वापस घर लौट सकते हैं। इसलिए नए जिले बनाने से पहले यह देखना बेहद जरूरी है कि इससे आम जनता को वास्तविक लाभ कितना मिलेगा।
बयान के राजनीतिक मायने
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, कृषि मंत्री के इस बयान के कई अहम मायने हैं। एक तरफ जहां वे महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे मुद्दों पर पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ हिमाचल में नए जिलों के गठन को लेकर अपनी ही सरकार के भीतर चल रही चर्चाओं के बीच खर्च और प्रशासनिक व्यावहारिकता का सवाल खड़ा कर उन्होंने एक नई बहस छेड़ दी है।
संजू चौधरी.
