-
Advertisement
एक क्लिक पर डॉक्टर के सामने होगी मरीज की पूरी मेडिकल हिस्ट्री,सरकार 661 पद भी भरेगी
HMIS: हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में जल्द ही अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस – HMIS) लागू की जा रही है। इस प्रणाली के शुरू होने से चिकित्सकों को मरीज का पूरा चिकित्सीय इतिहास (मेडिकल रिकॉर्ड) और जांच रिपोर्ट महज एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकेगी।
सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य अस्पताल प्रशासन में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही लाना है। इस डिजिटल व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में 661 नए पदों को भरने की भी मंजूरी दे दी है।
कहाँ कितने पद भरे जाएंगे?
सरकार द्वारा स्वीकृत 661 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) और डेटा एंट्री ऑपरेटरों के पदों में से 561 पद चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और विभिन्न राजकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में भरे जाएंगे, जबकि 100 पद प्रदेश के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में नियुक्त किए जाएंगे। कॉलेज-वार पदों का विवरण इस प्रकार है:
इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (IGMC), शिमला: 100 पद
डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा: 100 पद
डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर: 90 पद
अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज, चमियाना: 70 पद
श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नेरचौक: 61 पद
पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, चंबा: 50 पद
डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नाहन: 50 पद
चिकित्सा शिक्षा निदेशालय, शिमला: 20 पद
राजीव गांधी राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला: 20 पद
अन्य स्वास्थ्य संस्थान: 100 पद
क्या होगी इन कर्मचारियों की भूमिका?
नियुक्त किए जाने वाले ये प्रशिक्षित कर्मचारी केवल एचएमआईएस का संचालन ही नहीं करेंगे, बल्कि ई-ऑफिस, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन पत्राचार, डेटा प्रबंधन, सरकारी पोर्टल संचालन, ई-वेतन और जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से होने वाली खरीद प्रक्रियाओं में भी महत्वपूर्ण सहयोग देंगे। इससे अस्पतालों में कागजी कार्रवाई कम होगी और मरीजों, विद्यार्थियों तथा संकाय का डेटा अधिक व्यवस्थित रहेगा।
विशेषज्ञ उपचार के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर
सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस पहल पर कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य संस्थानों को पर्याप्त श्रम शक्ति और आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के स्तरोन्नयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि प्रदेशवासियों को घर-द्वार पर ही गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिल सकें और उन्हें इलाज के लिए बाहरी राज्यों का रुख न करना पड़े।
अनु गुप्ता
