-
Advertisement
Solan: झाड़ियों में मिली अधजली लाश से सहमे लोग, पुलिस जांच में खुला रहस्य
दयाराम कश्यप/सोलन। जिला सोलन (Solan) में बिहार निवासी एक व्यक्ति की हत्या (Murder) का मामला सामने आया है। हत्या आरोपी दो लोग भी बिहार के रहने वाले हैं। आरोपियों ने पैसों के लेन देन पर हुए झगड़े में व्यक्ति की किसी चीज से वार कर हत्या कर दी और बाद में शव को सड़क किनारे सूखी झाड़ियों में फेंक आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल पाया। कुछ लोगों ने झाड़ियों में पड़ी अधजली लाश को देखा। अधजली लाश देखकर लोग सहम गए। इसकी सूचना अर्की पुलिस थाना में दी। सूचना मिलने के बाद अर्की पुलिस थाना के प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई में जुट गए। एसपी सोलन अभिषेक यादव (SP Solan Abhishek Yadav) ने भी मौका का जायजा लिया और पुलिस को सख्ती से जांच करने के आदेश दिए।
यह भी पढ़ें: 9 महिलाओं का Rape और Murder करने वाले बंगाल के सीरियल किलर ‘चेन मैन’ को फांसी की सज़ा
बता दें कि पुलिस थाना अर्की को स्थानीय ग्राम पंचायत के उपप्रधान द्वारा सूचित किया गया कि गांव गोहरी में कडयाह गोहरी सड़क मार्ग के समीप झाड़ियों में एक व्यक्ति का अधजला शव पड़ा हुआ है। पुलिस (Police) जांच में मृतक व्यक्ति की रघु निवासी बिहार के रूप में शिनाख्त हुई। जोकि ठेकेदार संजय गर्ग के पास मजदूरी का काम करता था। यह दीप नारायण और राम पदार्थ निवासी बिहार (Bihar) के साथ रहता था। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो यह मालूम हुआ कि इसके साथ के दो व्यक्ति वहां से फरार हैं। पुलिस ने नाकाबंदी करके एक व्यक्ति को पकड़ लिया है और दूसरों व्यक्ति अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि इन तीनों के बीच में पैसों के लेन देन पर झगड़ा हो गया, जिसमें दोनों व्यक्तियों ने रघु पर किसी भारी चीज से वार कर दिया, जिसके कारण रघु की मौके पर ही उसकी मौत हो गई। डीएसपी प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फॉरेंसिक टीम मौके पर तथ्य जुटा रही है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की करवाई की जा रही है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…


