- Advertisement -
सोलन। प्रदेश में विधानसभा चुनाव (Assembly election) नजदीक हैं। नतीजतन आम आदमी पार्टी (AAP) अब अपने पांव जमाने के लिए सक्रिय हो चुकी है। प्रदेश में आम आदमी की जड़ें मजबूत करने के लिए जिला सोलन (Solan) में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम करवाया गया। यह कार्यक्रम सोलन जिला के ठोडो मैदान में हुआ। इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind kejriwal) और पंजाब के सीएम भगवंत मान (Bhagwant man) ने स्वयं आना था, मगर खराब मौसम के चलते वह नहीं आ सके। उन्होंने वीडियो जारी कर अपना संदेश दिया है। इस कार्यक्रम में पार्टी के पंचायत प्रमुख, उप प्रमुख और सचिव को शपथ (Oath) दिलवाई गई। ऐसे में आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने नौ हजार से अधिक पंचायत प्रमुख, उपप्रमुख और सचिवों को शपथ दिलवाई। उन्होंने इस दौरान पंचायत स्तर पर 15 दिन के अंदर कमेटियां गठित करने और एक लाख से अधिक कार्यकर्ता पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य भी रखा।
वहीं इस कार्यक्रम के दौरान आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को अहम टिप्स (Tips)भी दिए गए। इस बार आम आदमी पार्टी 68 विधानसभा सीटों पर ही अपने प्रत्याशी उतारने जा रही है। इसके लिए बराबर सर्वे करवाया जा रहा है। इसी सर्वे के आधार पर ही टिकट (Ticket) आवंटन किया जाएगा। वहीं अपने वीडियो (Video) संदेश में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि केंद्र दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल में भी जीएसटी कम करे। उन्होंने कहा है कि वह जल्द ही हिमाचल (Himachal) आएंगे। वहीं उन्होंने अपने संदेश में कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुटता से चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। दूसरी ओर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि अब आम आदमी पार्टी पूरे देश में पैर पसार रही है। अभी हाल-फिलहाल में कई समस्याएं आएंगी, लेकिन हमें चिंता नहीं करनी चाहिए। हमें पता है कि हम प्रदेश में एक ईमानदार सरकार बनाएंगे।
- Advertisement -