-
Advertisement
मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर दर्दनाक हादसा: हनोगी टनल में टकराए दो ट्रक, 2 लोगों की जा#न गई
Himachal News: मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर हनोगी टनल के भीतर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। टनल के अंदर दो ट्रकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रक मंडी से कुल्लू की तरफ जा रहा था और दूसरा ट्रक विपरीत दिशा (कुल्लू से मंडी) की ओर आ रहा था। टनल के भीतर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही जारी थी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और टनल के अंदर ओवरटेक करना माना जा रहा है।
अस्पताल पहुंचाए गए घायल, मंडी रेफर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के नगवांई अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने दो मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया है। मंडी अस्पताल में उपचाराधीन दो घायलों में से एक की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर टनल के भीतर यातायात की आवाजाही को सामान्य कराया जा रहा है।
संजीव कुमार
