-
Advertisement
पद्मश्री करतार सिंह सौंखले की कलाकृतियों को जिसने देखा देखता रह गया
वी कुमार/मंडी। हमीरपुर जिला के नौहंगी गांव निवासी पद्मश्री करतार सिंह सौंखले ( Padma Shri Kartar Singh Saunkhale)की कलाकृतियां इन दिनों मंडी में आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। दरअसल करतार सौंखले यहां भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे चार दिवसीय हिमाचल उत्सव (Himachal Utsav)में अपनी कलाकृतियों को प्रदर्शित करने आए हुए हैं। संस्कृति सदन में चल रहे इस उत्सव में करतार सौंखले की कलाकृतियां लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।

मंडी के हिमाचल उत्सव के दौरान प्रदर्शनी लगाने के लिए किया गया है आमंत्रित
करतार सिंह सौंखले चीफ फार्मासिस्ट के पद से सेवानिवृत हुए हैं। इनके पास बोतल के अंदर बांस की कलाकृतियां( Bamboo Artifacts) बनाने की अदभुत कला है। जिस बोतल में आप लिक्विड के अलावा और कुछ डालने की सोच भी नहीं सकते, उस बोतल में करतार सौंखले बांस की ऐसी-ऐसी कलाकृतियां बना देते हैं जिनके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता। देश की महान हस्तियों, देवी-देवताओं और प्रदेश के प्रमुख मंदिरों व ऐतिहासिक स्थानों की अदभुत कलाकृतियां इन्होंने बोतलों में बना रखी हैं, जिन्हें देखते ही हर कोई अचंभित हो उठता है।

हिमाचल के युवा सीखें इस कलाकारी को
करतार सिंह सौंखले को बचपन से ही ऐसी कलाकृतियां बनाने का शौक था, जो आज उन्हें इस मुकाम तक ले आया है। इस अदभुत कला के लिए उन्हें वर्ष 2021 में पद्म श्री पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। करतार सौंखले चाहते हैं कि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा उनसे इस कारीगरी को सीखें और इसे एक स्वरोजगार के रूप में अपनाएं। वहीं, राज्य सरकार भी ऐसी कलाकृतियों को अधिक से अधिक लोगों और खरीददारों तक पहुंचाने की दिशा में कारगर कदम उठाए।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


