-
Advertisement
कसारी मसारी कब्रिस्तान में अतीक व अशरफ सुपुर्द-ए-खाक, परिजनों की मौजूदगी में दफनाए
माफिया डॉन अतीक अहमद और उसका भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ को प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में दफना दिया गया। अतीक के दोनों नाबालिग बेटे एहजाम और अबान और अशरफ की दोनों बेटियां भी जनाजे में शामिल होने कब्रिस्तान पहुंची थी। अतीक और अशरफ को दफनाने की प्रक्रिया के दौरान लोगों की भीड़ वहां पर दिखाई दी। हालांकि अतीक के करीबी परिजनों और कुछ पड़ोसियों को ही जनाजे में शामिल होने की इजाजत मिली थी। दोनों के शव कब्रिस्तान कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचे। इसी कब्रिस्तान में कुछ ही दिन पहले एनकाउंटर में मारे गए अतीक के बेटे असद को भी दफनाया गया था। कब्रिस्तान में चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया। इससे पहले अतीक और अशरफ का पोस्टमार्टम किया गया। अतीक अहमद के जनाजे में उसकी फरार पत्नी शाइस्ता परवीन के पहुंचने की भी खबर थी। लेकिन पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है।
अतीक और अशरफ की सुरक्षा में तैनात 17 पुलिसकर्मी सस्पेंड
वहीं अतीक और अशरफ की सुरक्षा में तैनात 17 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. यूपी पुलिस अलर्ट मोड पर है और प्रदेश के सभी जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उनका पूरा ध्यान इस घटना के आलोक में राज्य की कानून-व्यवस्था को सुचारू रखने पर है। उन्होंने यूपी डीजीपी समेत तमाम आला अधिकारियों को प्रयागराज जाने के निर्देश दिए हैं और हर 2 घंटे पर अपडेट देने के लिए कहा है। दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के सभी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं और उनके आवासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे हत्या के आरोपी
अतीक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ये सामने आया है कि उसे 8 गोलियां लगी थीं। गौरतलब है कि यूपी के प्रयागराज में शनिवार रात को अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को अंजाम देने वाले तीनों हमलावरों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इन तीनों की पहचान लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और सन्नी के रूप में हुई है। इन आरोपियों को आज प्रयागराज की कोर्ट में भी पेश किया गया, जहां से इन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह भी पढ़े:आखिर गुड्डू मुस्लिम कौन है? जिसका नाम अशरफ ने लिया था गोलियां चलने से पहले
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


