- Advertisement -
सोलन। हिमाचल बीजेपी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पवन गुप्ता का रविवार को चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में देहांत हो गया। कुछ दिन पहले ही उन्हें हृदयघात की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनके निधन से सोलन शहर में शोक की लहर है। 65 वर्षीय पवन गुप्ता बीजेपी के कर्मठ और सच्चे सिपाही थे। शहर के प्रमुख व्यवसायियों में उनकी गिनती होती है और वह नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष के अलावा कई बार बघाट बैंक के चेयरमैन रह चुके हैं। वर्तमान में वह बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य थे।
फोर्टिस अस्पताल चंडीगढ़ से उनके छोटे भाई मुकेश गुप्ता ने बताया कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि उनके भाई अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन भगवान की मर्जी के आगे किसी का वश नहीं चलता। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप,सीएम जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा ने बीजेपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और बघाट बैंक सोलन के पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सुरेश कश्यप ने कहा कि पवन गुप्ता हमारी पार्टी के एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता थे और उनका निधन हमारी पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है।ईश्वर शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि यह बीजेपी के लिए एक अपूरणीय क्षति है, पवन गुप्ता ने लंबे समय तक पार्टी का नेतृत्व किया और पार्टी को मजबूत बनाने में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
- Advertisement -