- Advertisement -
शिमला। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से हिमाचल के प्रोजेक्टों पर चर्चा की है। यह बात आज दिल्ली से वापस शिमला (Shimla) लौटे सीएम जयराम ठाकुर ने कही। उन्होंने बताया कि दिल्ली दौरे में हिमाचल के कई प्रोजेक्टस को लेकर केंद्रीय मंत्रियों (Union Ministers) से चर्चा की। यही नहीं प्रदेश के विकास को गति देने के लिए भी उनसे सहयोग को लेकर बात हुई है। सीएम जयराम ने बताया कि सभी केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें विकास में सहयोग करने का आश्वासन दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय बजट से पहले यह महत्वपूर्ण दौरा था। वहीं प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड (Covid) के मामलों में कमी आई है। लेकिन हमे सतर्क रहने की जरूरत है। हमे किसी तरह की ढील नहीं अपनानी है। प्रदेश में कोरोना पर आगामी 31 जनवरी को होने वाली कैबिनेट की बैठक में रिव्यु किया जाएगा।
वहीं हिमाचल में कोरोना के चलते बंद सरकारी स्कूलों को खोलने पर कैबिनेट बैठक (Cabinet Meeting) में फैसला लिया जाएगा। यह बात आज शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर (Education Minister Govind Singh Thakur) ने कही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन अवकाश वाले स्कूलों (School) में 15 फरवरी तक छुटियां हैं जबकि ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले स्कूल कोरोना के चलते 31 जनवरी तक बंद है। ऐसे में 31 जनवरी को होने वाली कैबिनेट बैठक में प्रदेश सरकार बड़े निर्णय लेगी। कैबिनेट में स्कूलों को खोलने को लेकर सरकार निर्णय करेगी। इससे पहले स्कूलों को खोलने पर सरकार लोगों से फीडबैक ले रही है। जिसके अनुसार ही आगामी फैसला लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 से 18 साल के बच्चों को सौ फीसदी टीकाकरण हो चुका है।
- Advertisement -