-
Advertisement
कालका-शिमला NH5 का कल हवाई सर्वेक्षण करेंगे सीएम, सारे मंत्री 2 अगस्त से होंगे फील्ड पर
शिमला/सोलन। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhu) मंगलवार को सोलन (Solan) जिले का दौरा करेंगे। वे वहां सेब एवं फल मंडी का लोकार्पण करने के बाद कालका-शिमला NH5 का हवाई सर्वेक्षण (Aerial Survey of Kalka Shimla NH5) करेंगे। परवाणू से लेकर सोलन तक इस राजमार्ग को बारिश और लैंडस्लाइड ने कई स्थानों पर तहस-नहस कर दिया है। साफ है कि बीजेपी के लगातार हमलों से हलाकान सुक्खू सरकार राज्य के सेब उत्पादक क्षेत्रों में सड़कों के सुधार पर सबसे ज्यादा ध्यान दे रही है। इसके अलावा राहत और पुनर्वास कार्यों पर तेजी लाना भी सरकार की प्राथमिकता सूची में सबसे पहले है। इसी का नतीजा है कि 2 अगस्त से राज्य के तमाम मंत्रियों को फील्ड पर उतरने को कहा गया है।
सोमवार को ही सुक्खू सरकार ने शिमला में PWD की बैठक बुलाई थी, जिसमें सेब उत्पादक क्षेत्रों (Apple Producing Areas) की सड़कों के सुधार पर 23 करोड़ रुपए आवंटित किए गए थे।
यह भी पढ़े:बंद सड़कों के लिए सीएम ने ली आज बैठक, 23 करोड़ रुपए की राशि मंजूर
अब होंगे राहत और पुनर्वास समितियों के दौरे
हिमाचल में बरसात से हुई तबाही का जायजा लेने अब विधानसभा अध्यक्ष से लेकर मंत्री और सीपीएस भी फील्ड में उतरेंगे। राज्य सरकार ने राहत और पुनर्वास समितियों के दौरे की तारीखें तय कर दी हैं। दौरों की शुरूआत दो अगस्त से होगी। दौरे से निकलकर आई फील्ड रिपोर्ट पर राज्य सरकार आगामी दिनों में कदम उठाएगी।
दौरे का स्थान और तारीखें
· विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया- 2 और 3 अगस्त को चंबा में
· उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 3 और 4 अगस्त को ऊना में
· स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डा. (कर्नल) धनीराम शांडिल 2 और 3 अगस्त को बिलासपुर में
· कृषि मंत्री चंद्र कुमार हमीरपुर जिले में
· उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान 3 और 4 अगस्त को शिमला
· राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी 2 अगस्त को कांगड़ा और 3 अगस्त को लाहुल-स्पीति और किन्नौर
· शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 4 और 5 अगस्त को सिरमौर
· ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरूद्ध सिंह 3 और 4 अगस्त को सोलन में
· लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह 2 और 3 अगस्त को मंडी जिले में
· मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर 2 और 3 अगस्त को कुल्लू का दौरा करेंगे।


