-
Advertisement
Coronavirus: देश के प्रमुख राज्यों में कैसी है स्थिति, एक खबर में जानें
Last Updated on April 28, 2020 by Deepak
नई दिल्ली। भारत में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच संक्रमित मरीजों की संख्या में काफी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 29,974 हो गई। हालांकि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि देश में कोरोना से ठीक होने की दर सुधरकर 23.44% हो गई है जबकि इससे होने वाली मौत की दर 3.12% है। दरअसल, भारत में अब तक 937 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना से महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 24 घंटे में पांच सौ से ज्यादा नए केस जुड़ गए। अब यहां कुल कंफर्म केस की संख्या 8 हजार से ज्यादा पहुंच गई। दिल्ली से अच्छी खबर है, जहां 2 दिनों में कोरोना से एक भी जान नहीं गई। दिल्ली से सटे नोएडा में तो 14 हॉटस्पॉट जोन अब ग्रीन जोन बन गए।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस का सीधा आरोप: केंद्र ने Bank Loan डिफाल्टर्स का 68,607 करोड़ का कर्ज माफ किया
यहां जानें देश के प्रमुख राज्यों की स्थिति:
उत्तर प्रदेश
यूपी के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि अब तक राज्य में कोरोना वायरस के 2043 मामले सामने आए हैं और इनमें 1612 सक्रिय हैं। वहीं, इस संक्रमण से अब तक राज्य में 31 लोगों की मौत हो चुकी है और 400 लोग ठीक/ डिस्चार्ज हो चुके हैं। संक्रमण 60 ज़िलों तक फैल गया है।
दिल्ली
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया है, ‘दिल्ली में 4.11% स्वास्थ्यकर्मी (13 पैरामेडिक्स, 26 नर्स, 24 फील्ड वर्कर्स, 33 डॉक्टर) कोरोना वायरस संक्रमण से प्रभावित हैं, यह चिंताजनक है।’ उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिल्ली में तकरीबन 100 कोरोना हॉटस्पॉट्स हैं और यह नंबर नीचे जाना चाहिए। गौरतलब है, दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 3,108 मामले सामने आ चुके हैं।
छत्तीसगढ़
एम्स रायपुर (छत्तीसगढ़) ने बताया है कि कोरोना वायरस के 2 अन्य मरीज़ों को डिस्चार्ज कर दिया गया है और राज्य में अब 3 ऐक्टिव केस रह गए हैं। सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि नर्सिंग ऑफिसर सहित सभी 3 मरीज़ों की हालत स्थिर है। केंद्र सरकार के अनुसार, राज्य में कोरोना के कुल 37 मामलों की पुष्टि हुई है।
राजस्थान
राजस्थान में 7 और कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जयपुर में 6, जोधपुर में एक मरीज मिले हैं। बीते 12 घंटे में 73 नए मामले सामने आए हैं। अब प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 2 हजार 335 हो गई है।
कर्नाटक
कर्नाटक में मंगलवार को 8 नए केस की पुष्टि हुई है। अब प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 520 हो गई है। इसमें से 20 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 198 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। सोमवार शाम कोरोना से संक्रमित एक शख्स की मौत हो गई थी।
उत्तराखंड
उत्तराखंड में एक और कोरोना मरीज की पुष्टि हुई है। ऋषिकेश एम्स में भर्ती एक 56 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। प्रदेश में अब मरीजों की संख्या 52 हो गई है।
राजस्थान
राजस्थान में कोरोना के 66 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 9 बजे जारी बुलिटेन के मुताबिक, दौलपुर में 2, जोधपुर में 12, अजमेर में 11, सीकर में एक, टोंक में 3, कोटा में 19 और जयपुर में 17 नए मामलों की पुष्टि हुई है। राज्य में अब कुल कोरोना मरीजों की संख्या 2 हजार 328 हो गई है।
गुजरात-मध्य प्रदेश
गुजरात में कोरोना संक्रमित की संख्या 35 सौ के पार हो गई। इनमें आधे मामले सिर्फ अहमदाबाद में है। सूबे में अब तक 162 लोगों की करोना से जान गई। इनमें 109 की मौत अहमदाबाद में हुई। इसी तरह मध्य प्रदेश में कोरोना के कुल कंफर्म केस की संख्या 21 सौ से ज्यादा हो गई। इनमें आधे से ज्यादा मामले इंदौर के हैं। यहां अब तक 110 लोगों की मौत हुई। इनमें भी इंदौर सबसे आगे है।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या साढ़े 8 हजार के पार जा पहुंची। यहां 24 घंटे में पांच सौ ज्यादा केस बढ़ गए। वहीं, मुंबई में वायरस की चपेट में आने वालों का आंकड़ा 5700 से ज्यादा हो गया। मुंबई में 24 घंटे में 369 नए केस जुड़ गए, जबकि यहां मरने वाली की संख्या 219 तक जा पहुंची। 24 घंटे में ही 15 लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा है।