- Advertisement

हिमाचल में आफ़त का अलर्ट: NH-5 पर निगुलसरी में भारी लैंडस्लाइड, शिमला-किन्नौर हाईवे बंद-प्रदेश में 112 सड़कें बंद
Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मानसून के बीच हादसों और भूस्खलन का दौर जारी है। किन्नौर को शिमला से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर देर रात निगुलसरी के पास भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हो गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरने से यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद हो गया है।
रात 1 बजे हुआ हादसा, सैकड़ों यात्री फंसे
जानकारी के अनुसार, निगुलसरी में रात करीब एक बजे अचानक पहाड़ी दरक गई। बारिश के कारण क्षेत्र में अभी भी पहाड़ी से बार-बार पत्थर और मलबा गिर रहा है, जिससे सड़क की बहाली का काम शुरू करने में दिक्कतें आ रही हैं। एनएच-5 के साथ-साथ वैकल्पिक मार्ग भी भूस्खलन की वजह से बंद पड़ा है, जिससे किन्नौर और शिमला के बीच यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। मार्ग बंद होने के कारण सड़क के दोनों ओर HRTC व निजी बसों, ट्रकों और छोटे वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और सैकड़ों यात्री रात से ही रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अति आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
प्रदेशभर में 112 सड़कें ठप,11 अगस्त तक मौसम का पूर्वानुमान
केवल NH-5 ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य हिस्सों में भी बारिश और भूस्खलन के चलते कुल 112 सड़कें बंद पड़ी हैं, जिससे ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल में बीते एक सप्ताह के दौरान मानसून थोड़ा कमजोर पड़ा है और सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
अधिक बारिश वाले जिले: दूसरी ओर, सिरमौर जिले में सामान्य से 66% अधिक बारिश हुई है। वहीं ऊना (+42%), बिलासपुर (+40%) और किन्नौर में (+26%) सामान्य से ज्यादा बादल बरसे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में 11 अगस्त तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।6, 9, 10 और 11 अगस्त: कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
अमित नेगी
