-
Advertisement
NHAI अफसर व कंपनी पर एफआईआर, मकान मालकिन व पंचायत मेंबर ने लगाएं आरोप
Shimla NHAI Issue: शिमला के भट्टाकुफर में मकान ढहने के बाद पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और एनएचएआई के बीच हुए विवाद ने तूल पड़ लिया है। मंत्री अनिरुद्ध सिंह पर एफआईआर के बाद अब एनएचएआई अधिकारियों पर जनता ने दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में चम्याणा पंचायत के वार्ड मेंबर निहाल ठाकुर व मकान मालिक महिला ने गावर कम्पनी और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के खिलाफ ढली थाने में मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच शुरू
आरोप है कि भट्टाकुफरमें कई लोगों के मकान को एनएचएआई की लापरवाही से खतरा बना है। रंजना वर्मा का पांच मंजिला मकान ढह गया है। इस मामले जब स्थानीय लोगों ने 30 जून को NHAI के मैनेजर अचल जिंदल से उठाने की कोशिश की तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया।
शिकायतकर्ता ने अचल जिंदल के अलावा एनएचएआई के साइट इंजीनियर पर भी अभद्र व्यवहार और मारपीट करने के आरोप लगाए है। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।
एनएचएआई की लापरवाही से घर टूटा
बता दें कि भट्टाकुफर के साथ लगती माठू कालोनी में 30 जून को एक पांच मंजिला भवन जमींदोज हो गया। यहां आसपास के 8 से 10 घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। तीन से चार मकान खाली कराए जा चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनएचएआई की लापरवाही से एक घर टूट गया है और दूसरे मकानों पर संकट मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा बार बार शिकायत करने पर भी काम नहीं रोका गया और न सुरक्षा दीवार लगाई गई।
पंचायत मेंबर के अनुसार, 30 जून को जब उन्होंने गिरे हुए और असुरक्षित मकानों को लेकर एनएचएआई मैनेजर से बात करनी चाही तो उनके साथ मारपीट और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
सारी पूंजी मकान में लगा दी – रंजना वर्मा
शिकायकर्ता रंजना वर्मा का कहना है कि माठू कॉलोनी में उसका मकान था। मकान के नीचे फोरलेन का कार्य चल रहा है और एनएचएआई और गावर कंपनी के अधीन काम चल रहा है। इसके कारण मकान के चारों ओर दरारें आ गई और 30 जून को सुबह 8.15 बजे भवन पूर्ण रूप से ढह गया. इस घटना में मकान और सारा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। यह दुर्घटना एनएचएआई व गावर कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के कारण हुई है। महिला ने बताया कि उनके पति की दस साल पहले मौत हो चुकी है और वह अपनी दो बेटियों के साथ घर में रहती थी। उन्होंने सारी पूंजी मकान में लगा दी थी।
नितिन गडकरी ने सीएम सुक्खू से बात की
उधर, एनएचआई ने घटना के बाद कहा था कि मकान 50 मीटर की दूरी से बाहर है और ऐसे में उनकी वजह से यह हादसा नहीं हुआ है। मकान गिरने के बाद मंत्री अनिरुद्ध सिंह मौके पर पहुंचे थे। उन पर अब एनएचआई के मैनेजर अंचल जिंदल से मारपीट के आरोप लगे हैं। मंत्री पर मामला दर्ज किया गया । बात इतनी आगे पढ़ी कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सीएम सुक्खू से फोन पर भी बात की है। हालांकि सीएम सुक्खू ने कहा कि मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी।
संजू चौधरी

