-
Advertisement
हिमाचल में बारिश का कहरः मनाली के बरूआ में घरों में घुसा बाढ़ का पानी व मलबा
Last Updated on September 21, 2021 by saroj patrwal
मनाली। हिमाचल प्रदेश में बादल जमकर बरस रहे हैं। तेज बारिश से जगह-जगह पर नुकसान हुआ है। मनाली के बरुआ में आधी रात को नाले में बाढ़ आ गई। जिससे गांव में अफरा तफरी मच गई। बाढ़ का पानी व मलबा रिहायशी इलाके में घुस गया। हालांकि इस घटना के कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन लोगों के घरों के भीतर रखा हुआ सामान खराब हो गया है। इसके अलावा बाढ़ में बड़े-बड़े पत्थर आने से सेब के बगीचे भी तबाह हो गए।
बुरूआ गांव में अचानक रात के समय आए मलबे के कारण लोग दहशत में रहे और पूरी रात जागकर ही काटनी पड़ी। ग्राम पंचायत प्रधान चूड़ामणि ठाकुर ने बताया कि आधी रात जब बादल फटने से बाढ़ का पानी आया तो ग्रामीण सो रहे थे। बाढ़ के पानी की आवाज सुनकर ग्रामीण एकदम से जाग गए। बाढ़ का पानी घरों में घुसता देख ग्रामीण सहम गए। उन्होंने बताया कि वार्ड चार और छह के लोगों को अधिक नुकसान हुआ है।
सुबह होने के बाद लोगों ने अपने घरों से मलबे को हटाने का काम शुरू किया। उधर सूचना मिलते ही मनाली प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी नुकसान का जायजा लिया। मनाली के तहसीलदार एनएस वर्मा ने बताया कि वह घटना स्थल का दौरा कर रहे हैं। लोगों के घरों व बगीचों में बाढ़ का पानी घुसने से नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया नुकसान का आकलन किया जा रहा है। डीसी आशुतोष ने बताया कि जिला कुल्लू में भी मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ऐसे में लोग सावधानी बरतें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group