-
Advertisement
आधी रात को नारों की गूंज के बीच जब बेटा अनुराग घर पहुंचा तो कुछ ऐसा रहा माहौल
रविद्र चौधरी/ हमीरपुर। हर पिता का सपना होता है कि वो उससे आगे बढ़कर सफलता हासिल करें। जब पिता बेटे को सफलता की सीढ़ियां चढ़ता देखता है तो उसकी खुशी को शब्दों में बयां करना कठिन हो जाता है। बेटे की कामयाबी पर जितनी खुशी माता- पिता को होती है उतनी शायद ही किसी और को होती है। वो चाहे आम आदमी हो या फिर कोई राजनेता।

इन दिनों हिमाचल में जिस की धमक तारों तरफ फैल रही है, जिसके नाम के चर्चे हो रहे हैं वो कोई और नहीं बल्कि दो बार हिमाचल के सीएम रहे प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अनुराग ठाकुर है। शिमला, मंडी कांगड़ा से जन आशीर्वाद लेकर जब बेटा अनुराग पिता का आशीर्वाद लेने घर पहुंचे तो बेटे का बढ़ा हुआ कद और सफलता देख कर वो खुद को नहीं रोक पाए। बेटे अनुराग ठाकुर को देखकर ही उनकी आंखों से खुशी के आंसू निकलने लगे, पिता की छलकी आंखें देख केंद्रीय खेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी भावुक हो गए। अनुराग ने पांव छूकर पिता का आशीर्वाद लिया। पिता व भाई को देखकर सामने खड़े बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल भी भावुक हो गए।

हमीरपुर जिले के समीरपुर में रविवार रात करीब सवा बारह बजे अनुराग ठाकुर अपने घर पहुंचे। जब अनुराग ठाकुर अपने घर पहुंचे तो चारों तरफ उनके समर्थन में नारेबाजी हो रही थी, जबकि पिता की आंखें सिर्फ अपने बेटे की ओर लगी रहीं। चूंकि केंद्रीय मंत्री बनने के बाद अनुराग ठाकुर पहली बार घर आए थे।

ज्यों ही अनुराग ठाकुर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे तो उन्होंने अपने पिता प्रेम कुमार धूमल को चरण स्पर्श किया। उसके बाद प्रेम कुमार धूमल ने आशीर्वाद की मुद्रा में उन्हें गले लगाया। इसी बीच सामने से देख रहे अरुण धूमल को भी उन्होंने साथ लिया और तीनों की एक भावपूर्ण तस्वीर सामने आई। खामोशी के साथ आंखों में आंसू लिए यह तस्वीर बहुत कुछ बयां कर रही थी, जिसे एक पिता या भाई ही समझ सकता है कि सफलता के मायने क्या होते हैं।
मात-पिता तुम मेरे,
शरण गहूं किसकी । pic.twitter.com/I0s47M8oIw— Anurag Thakur (@ianuragthakur) August 22, 2021

