-
Advertisement
नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाघड़ी ,खुद को सेना का कर्नल बता कई युवकों को ठगा
Himachal News: नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाघड़ी के कई मामले सामने आते रहे हैं। शातिर युवाओं को अपने जाल में फंसा कर उसे पैसे ऐंठ कर फरार हो जाते हैं। धर्मशाला क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया है। एक शख्स ने खुद को सेना का कर्नल बताकर कई युवाओं को झांसे में लिया और लाखों रुपए की ठगी की। अब लोगों ने पकड़ कर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी की पहचान पालमपुर उपमंडल के पचरुखी गांव निवासी रमेश डोगरा के रूप में हुई है। उसने खुद को सेना का कर्नल बताकर युवाओं को सेना में भर्ती करवाने का भरोसा दिलाया। कई युवाओं ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है।
धर्मशाला जेल में हुई थी आरोपी से पहचान
बताया जा रहा है कि रमेश डोगरा सेना में भर्ती करवाने के नाम पर 50 हजार रुपए की मांग करता था। गांव जयसिंहपुर निवासी एक युवक के पिता शक्ति चंद ने आरोपी के झांसे में आकर उसे 11 हजार रुपए दे दिए। लेकिन जब उन्होंने रकम वापस मांगी, तो रमेश भागने लगा। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। शक्ति चंद ने खुलासा किया कि उसकी आरोपी रमेश से पहचान धर्मशाला जेल में हुई थी। दोनों किसी आपराधिक मामले में वहां बंद थे। जेल में ही रमेश ने शक्ति चंद का फोन नंबर लिया और जेल से रिहा होने के बाद संपर्क साधा। इसके बाद उसने सेना में नौकरी दिलवाने का लालच देकर ठगी को अंजाम दिया।पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके पास से फर्जी जॉयनिंग लेटर और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
रविंद्र चौधरी

