- Advertisement -
मंडी। हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी की बातों को सिरे से खारिज किया है। सुंदरनगर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी में सब एकजुट हैं। सिरमौर में हुई घटना पर उन्होंने कहा कि वहां मंच पर इतने अधिक लोग चढ़ गए जिस कारण बैठने के लिए जगह ही नहीं बची। ऐसे में जो विधायक हैं उन्होंने मंच से किसी को हटाने की बजाय खुद ही नीचे बैठना उचित समझा। हालांकि बाद में उन्हें मंच पर ही बैठाया गया। लेकिन इस घटना को गुटबाजी के साथ नहीं जोड़ा जा सकता।
प्रतिभा सिंह आज मंडी जिला के दौरे पर हैं और वे यहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ आगामी चुनावों को लेकर बैठक कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा बीजेपी सरकार ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में सिर्फ और सिर्फ पूर्व की वीरभद्र सरकार के समय में शुरू हुए विकास कार्यों के उदघाटन ही किए हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जनता भली भांति जानती है कि प्रदेश में विकास किसने करवाया है और उसका उदघाटन किसने किया। यदि बीजेपी ने विकास किया होता तो उपचुनावों में जनता इस तरह से जबाव नहीं देती। प्रदेश की जनता जानती है कि विकास करना कांग्रेस पार्टी का ही काम है। वहीं एक कांग्रेसी नेता द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ किए गए हिटलर शब्द के इस्तेमाल को लेकर प्रतिभा सिंह ने अनभिज्ञता जाहिर की। प्रतिभा सिंह ने कहा कि ऐसा किसने कहा है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं, लेकिन पीएम जैसे पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए।
- Advertisement -