- Advertisement -
शिमला। हिमाचल में बीजेपी (BJP) को सत्ता से बाहर करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश भर में कांग्रेस (Congress) के नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ मैदान में उतर चुके हैं। मिशन-2022 (विधानसभा चुनाव) फतह करने के लिए कांग्रेस रणनीति बनाने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में हिमाचल कांग्रेस की एक बड़ी बैठक 11 जून को चंडीगढ़ में होने वाली है। यह बैठक प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला (State in-charge Rajeev Shukla) की अध्यक्षता में होगी। इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh), नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ ही अन्य वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में नियुक्त किए गए ऑब्जर्वर (Observer) भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले होने वाली इस बैठक में मिशन-2022 (Mission-2022) फतह करने को लेकर चर्चा होगी और आगामी रणनीति बनाई जाएगी। बताया जा रहा है कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव (Vidhan Sabha Election) के टिकट आवंटन करने से पहले सर्वे करवाने का फैसला लिया है। प्रदेश कांग्रेस के साथ ही ऑब्वर्जर अपने स्तर पर सर्वे करेंगे और पार्टी हाईकमान को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। ऑब्जर्वर विस क्षेत्रों का दौरा करके रिपोर्ट तैयार करेंगे। अपने दौरे के दौरान ऑब्जर्वर यह जानने का प्रयास करेंगे कि किस विधानसभा क्षेत्र में संगठन मजबूत है और कहां पर ज्यादा मेहनत की जरूरत है। इसके साथ ही हर विस क्षेत्र के अंतर्गत सशक्त उम्मीदवारों को लेकर एक पैनल भी तैयार किया जाएगा। इसमें 3 से 4 नामों को शामिल किया जाएगा।
बता दें कि कांग्रेस ने जिला स्तर पर ऑब्जर्वरों की नियुक्तियां की है। इसके तहत प्रत्येक जिला में राष्ट्रीय सचिव को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। इनमें दीपिका पांडे, चंदन यादव, राजेश तिवारी, रोहित चौधरी, धीरज गुर्जर, प्रदीप नरवाल, विकास उपाध्याय, विजय सिंगला, चेतन चौहान जैसे चेहरे शामिल हैं।
- Advertisement -