-
Advertisement
आनी के निमला के पास भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे 4 युवाओं की दर्दनाक मौ#त, 1 गंभीर रूप से घायल
Kullu Accident: कुल्लू जिले के उपमंडल आनी के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 305 (NH-305) पर बीती देर रात/तड़के करीब 3:00 बजे एक अत्यंत हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया। निगान और निमला के बीच मान सिंह प्रोजेक्ट के समीप एक हुंडई एक्स्ट्रा गाड़ी (HP 35 9123) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सवार 4 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
शादी समारोह से लौट रहे थे सभी सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी 5 लोग एक शादी समारोह में भाग लेने के बाद अपने घर लौट रहे थे। गाड़ी में सवार सभी व्यक्ति ग्राम पंचायत जाबौं-कराणा के निवासी बताए जा रहे हैं।
मृतकों और घायल की पहचान
दुर्घटना में जान गंवाने वाले चार युवाओं की पहचान इस प्रकार हुई है:
राहुल राणा (25 वर्ष), पुत्र जगदीश चंद, निवासी गांव जाबौं, डाकघर कराणा, तहसील आनी, जिला कुल्लू।
बाल कृष्ण, पुत्र ढीक राम, निवासी गांव जाबौं, डाकघर कराणा, तहसील आनी, जिला कुल्लू।
विकास उर्फ विक्की, पुत्र हीरा सिंह, निवासी गांव जाबौं, डाकघर कराणा, तहसील आनी, जिला कुल्लू।
गुंजन, पुत्र राम प्रकाश, निवासी गांव जाबौं, डाकघर कराणा, तहसील आनी, जिला कुल्लू।
हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान सुरेश कुमार (29 वर्ष), पुत्र मोहन लाल, निवासी गांव जाबौं, डाकघर कराणा के रूप में हुई है। सुरेश कुमार को दुर्घटना के बाद तुरंत सिविल अस्पताल (CH) आनी ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रामपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
राहत एवं बचाव कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आनी पुलिस थाना की टीम, स्थानीय ग्रामीण और पंचायत प्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुंचे। विधायक आनी लोकेंद्र कुमार भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में सहयोग प्रदान किया।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद जाबौं-कराणा क्षेत्र सहित पूरे आनी उपमंडल में शोक की लहर दौड़ गई है।
छविंद्र शर्मा
