-
Advertisement
HPBOSE सख्त: CCTV में कैद हुई परीक्षा केंद्रों की लापरवाही, अधीक्षकों से मांगा लिखित जवाब
HPBOSE: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने परीक्षाओं में कोताही बरतने वाले परीक्षा केंद्रों पर कड़ा चाबुक चलाया है। निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षाएं संपन्न करवाने के उद्देश्य से जब बोर्ड ने CCTV कैमरों के माध्यम से केंद्रों की लाइव निगरानी की, तो कई जगहों पर नियमों की अनदेखी सामने आई। इस गंभीर लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लेते हुए शिक्षा बोर्ड ने संबंधित परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों, उप-केंद्र अधीक्षक और समन्वयकों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर दिए हैं।
CCTV सर्विलांस ने खोली पोल, तय होगी जवाबदेही
बोर्ड द्वारा परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, निगरानी के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड द्वारा तय किए गए नियमों और दिशा-निर्देशों के पालन में भारी लापरवाही बरती जा रही थी। यह पूरी कार्यप्रणाली मुख्यालय की नजर से नहीं बच सकी और CCTV सर्विलांस में लापरवाही पकड़ी गई। इसके तुरंत बाद बोर्ड प्रबंधन ने एक्शन लेते हुए संबंधित परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक (Centre Superintendent), उप-केंद्र अधीक्षक और केंद्र समन्वयकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं।
गोपनीयता और निष्पक्षता से समझौता नहीं
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस मामले में कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर होने वाली लापरवाही को बोर्ड बेहद गंभीरता से ले रहा है। डॉ. शर्मा ने कहाCCTV के माध्यम से हमारी हर गतिविधि पर पैनी नजर है। जहां भी दिशा-निर्देशों की अनदेखी या निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया जाएगा, वहां सीधे तौर पर अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों को सख्त हिदायत दी है कि बोर्ड के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।
लिखित जवाब और फुटेज के आधार पर गिरेगी गाज
बोर्ड ने नोटिस प्राप्त करने वाले सभी केंद्र अधीक्षकों , उप-केंद्र अधीक्षक और समन्वयकों को एक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए हैं। अब इन अधिकारियों से प्राप्त होने वाले स्पष्टीकरण और उपलब्ध CCTV रिकॉर्डिंग सहित अन्य तथ्यों की गहन जांच की जाएगी। जांच के उपरांत, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित केंद्र अधीक्षकों , उप-केंद्र अधीक्षक और समन्वयकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बोर्ड का यह एक्शन साफ संकेत देता है कि परीक्षाओं में ढिलाई बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अमित महाजन
