-
Advertisement
HPBOSE TET 2026: आवेदन का आखिरी मौका,9 अक्तूबर से होगी फॉर्म में सुधार की सुविधा
HPBOSE HP TET 2026: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) नवंबर-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। शिक्षक बनने का सपना देख रहे जो युवा अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके लिए 8 अक्तूबर (रात 11:59 बजे तक) लेट फीस के साथ फॉर्म भरने का आखिरी मौका है। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन विंडो पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने आवेदन फॉर्म में हुई गलतियों को सुधारने के लिए 9 से 12 अक्तूबर तक ऑनलाइन करेक्शन विंडो खोलने का भी निर्णय लिया है।
ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर सुधार कर सकते हैं
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन करते समय अपने नाम, जन्म तिथि, विषय या शैक्षणिक योग्यता भरने में कोई चूक कर दी है, वे 9 से 12 अक्तूबर के बीच ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर इसमें आवश्यक सुधार कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अभ्यर्थी अपनी श्रेणी (Category) या उप-श्रेणी (Sub-category) में बदलाव करना चाहता है, तो यह सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध नहीं होगी। इसके लिए अभ्यर्थी को अपने आवेदन पत्र की कॉपी, वैध श्रेणी प्रमाणपत्र और निर्धारित शुल्क (यदि लागू हो) के साथ 15 अक्तूबर तक व्यक्तिगत रूप से बोर्ड कार्यालय में आना होगा।
अंतिम तिथि या आखिरी घंटों का इंतजार न करें
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने सभी अभ्यर्थियों से विशेष अपील की है कि वे अंतिम तिथि या आखिरी घंटों का इंतजार न करें। अक्सर अंतिम समय में पोर्टल पर भारी ट्रैफिक के कारण तकनीकी समस्याएं या सर्वर डाउन होने का खतरा रहता है। ऐसे में समय रहते फॉर्म भर लेना ही समझदारी है। उन्होंने यह भी सलाह दी कि फॉर्म को ‘फाइनल सबमिट’ करने से पहले अपने सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें ताकि करेक्शन की नौबत ही न आए। डॉ. शर्मा ने कहा कि शिक्षा बोर्ड सभी पात्र अभ्यर्थियों को एक पारदर्शी, सुचारू और त्रुटिरहित परीक्षा प्रक्रिया उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
