-
Advertisement
HPU शिक्षकों के सैंकड़ों पदों पर भर्ती प्रक्रिया करेगा शुरू, पुरानी भर्ती को भी मिली हरी झंडी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (Himachal Pradesh University) में शिक्षकों के सैंकड़ों पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शिक्षकों और गैर शिक्षकों के पदों को भरने के लिए विज्ञापन संख्या 21/2020 और 22/2020 को छह महीने का विस्तार दिया गया है। अब जल्द विवि गैर शिक्षकों और शिक्षकों के पुराने सैकड़ों पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
ये भी पढ़ें-CM जयराम ठाकुर ने दिल्ली में स्वर्णिम हिमाचल कला महोत्सव का किया शुभारंभ
बता दें कि शनिवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिंकदर कुमार की अध्यक्षता में कार्यकारिणी परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान विवि में कोरोना के कारण अटकी भर्ती प्रक्रिया फिर से शुरू करने और विज्ञापित पदों की अवधि को छह महीने बढ़ाने की मंजूरी प्रदान की गई है। गौरतलब है कि 15 नवंबर को कुलाधिपति प्रदेश के राज्यपाल की ओर से विश्वविद्यालय में दिव्यांग छात्रों को मुफ्त छात्रावास सुविधा देने की घोषणा के अनुसार इसे भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा कार्यकारी परिषद ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय फेलोशिप के तहत विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार हर विभाग में पीएचडी के लिए अतिरिक्त सीटें आरक्षित करने को भी मंजूरी भी दी। कार्यकारी परिषद ने विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षा केंद्र (इक्डोल) को यूजीसी के मुक्त दूरवर्ती अध्ययन पाठ्यक्रम के मानकों को अपनाने के लिए स्वीकृति दी गई और वित्त समिति की सिफारिशों को स्वीकृति प्रदान की।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


