-
Advertisement
महंगाई का एक और झटका: मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, जानिए अब कितने में मिलेगा 1 लीटर दूध
Mother Dairy Hikes Milk Prices: दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनी मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में दूध की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। दूध की ये नई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू होंगी। कंपनी ने बढ़ती लागत और किसानों से दूध की खरीद दरें महंगी होने का हवाला देते हुए यह कदम उठाया है। इससे पहले मदर डेयरी ने 14 मई, 2026 को दूध के दाम बढ़ाए थे।
जानिए किस दूध के कितने बढ़े दाम-कंपनी द्वारा की गई मूल्य वृद्धि के बाद नई कीमतें इस प्रकार होंगी:
फुल क्रीम दूध (पाउच): अब 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर।
गाय का दूध: 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर।
टोंड दूध (पाउच): 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर।
टोंड दूध (थोक/टोकन वितरण): 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर।
डबल टोंड दूध: 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर।
कीमतें बढ़ाने की मुख्य वजह
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय में किसानों से कच्चे दूध की खरीद लागत में लगातार वृद्धि हुई है। मदर डेयरी अपनी कुल बिक्री से होने वाली आय का लगभग 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को ही देती है। लागत में हुई इस बढ़ोतरी के प्रभाव को संतुलित करने के लिए कंपनी को मजबूरन यह बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है।
दैनिक आपूर्ति और कंपनी का कारोबार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में मदर डेयरी प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध की बिक्री करती है, जबकि देशभर में इसका कुल दैनिक विक्रय 50 लाख लीटर से अधिक है। वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। बेहतर मांग के बल पर पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का कारोबार 17 प्रतिशत बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था।
पंकज शर्मा
