-
Advertisement
सरकार से नाराज हुए अधीनस्थ कोर्ट के न्यायिक कर्मचारी , लगाए काले बिल्ले
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के अधीनस्थ कोर्ट के न्यायिक कर्मचारी छठा वेतनमान ना मिलने के विरोध में लामबंद हो गए हैं। राज्य यूनियन के आह्वान पर कर्मचारी काले बिल्ले लगाकर कोर्ट में काम कर रहे हैं। न्यायिक कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार सभी विभागों को छठे वेतनमान दे रही है, लेकिन केवल अधीनस्थ कोर्ट के कर्मचारियों को ही छठा वेतन आयोग नहीं दिया जा रहा है। न्यायिक कर्मचारियों ने सरकार कर भेदभाव करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें- अपना हक बचाने के लिए नाहन में गुर्जर समुदाय बैठा भूख हड़ताल पर
अधीनस्थ कोर्ट न्यायिक कर्मचारी यूनियन के मुख्य सलाहकार जेपी दरेवला ने कहा कि न्यायिक कर्मचारी पूर्ण निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जब सभी विभागों को छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार वेतन दे रही है, तो केवल न्यायिक कर्मचारियों को छठा वेतनमान क्यों नहीं दिया जा रहा। यूनियन का कहना है कि अगर सरकार उनकी मांगे नहीं मानती है, तो आगामी समय में कर्मचारी आंदोलन की रणनीति तैयार करेंगे। इसके अलावा राज्य कार्यकारिणी के साथ सलाह-मशविरा कर सचिवालय घेराव की रणनीति तैयार की जा सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सभी विभागों की तर्ज पर न्यायिक कर्मचारियों को भी छठा वेतनमान दिया जाए।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


