-
Advertisement
किन्नौर लैंडस्लाइड: अभी तक14 शव निकाले- भूस्खलन के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन रुका
रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर के निगुलसारी में हुए लैंडस्लाइड (Kinnaur Landslide) में अभी तक 14 शव निकाले गए हैं। इसके अलावा 13 घायलों को भी मलबे से बाहर निकाला। आज सुबह 6 बजे से फ़िर से रेस्क्यू आपरेशन शुरु किया गया। आज अभी तक तीन शव निकाले गए हैं। इसके अलावा मलबे में दबी एचआरटीसी की बस (HRTC Bus) का कुछ हिस्सा व टायर सतलुज नदी के पास मिले हैं। पहाड़ों से पत्थर गिरने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोका गया है।
यह भी पढ़ें: किन्नौर लैंडस्लाइड: घटनास्थल से हटाया जा चुका है मलबा, बस और बोलरो के सतलुज में बहने की आशंका!

हालांकि,इससे पहले बीती रात परिवहन मंत्री ब्रिकम ठाकुर ने इस बात की आशंका जाहिर की थी कि बस सतलुज में बह सकती है। चूंकि,मलबा हटाने के बाद भी कहीं भी बस का कोई अता-पता नहीं चल रहा था। लेकिन आज सुबह जब रेस्कयू आपरेशन शुरू किया गया तो बस का कुछ हिस्सा व टायर मिलने से इस बात की उम्मीद बंधी है कि हो सकता है कि बस मलबे के नीचे मिल जाए। लेकिन सतलुज नदी के निकट टायर, दरवाजे सब कुछ अलग थलग पड़ा मिला है। बस में सवार लोगों के बचने की उम्मीद बेहद कम है। बस चकनाचूर हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: ऊपर से बरस रही है मौत, नीचे देवदूत बन ITBP ने बचाई 14 लोगों की जान

खैर इस सबके बीच राहत बचाव कार्य जारी है। मलबे में अभी 20 से 25 लोगों के दबे होने की आशंका है। जो 13 घायल निकाले गए हैं उन में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीएम जयराम ठाकुर शिमला से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। वे हेलीकॉप्टर से ज्यूरी तक जाएंगे और वहां से सड़क मार्ग से घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्यों का जायजा लेंगे। साथ ही पीड़ित परिवारों से भी मिलेंगे। बस के परिचालक का कहना है कि बस में 24 लोग सवार थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हादसे में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। अभी तक 13 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। उधर आइटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट धर्मेंद्र ठाकुर के अनुसार सुबह चार बजे से रेस्क्यू आपरेशन शुरू कर दिया गया है। सुबह से अभी तक इस दौरान अभी तक तीन शव निकाले गए हैं लेकिन मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


