-
Advertisement
हिमाचल में मोदी के रोड शो पर बारिश का साया, 15 से प्रदेश भर में झमाझम बरसेंगे मेघ
शिमला। हिमाचल प्रदेश में तपती गर्मी से निजात मिलने वाली है। प्रदेश का मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 15 जून से प्रदेश भर में भारी बारिश का अलर्ट (Rain Alert) जारी किया है। ऐसे में 16 जून को धर्मशाला आ रहे पीएम मोदी के रोड शो (PM Modi Road Show) पर संकट के बादल छाने लगे हैं। हालांकि आज यानी सोमवार को भी प्रदेश के कुछ भागों में बारिश दर्ज की गई है। लेकिन इस बारिश से तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है। जिससे मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। बारिश (Rain) के बावजूद मौसम विभाग (Meteorological Center Shimla) ने सोमवार को कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, सोलन व सिरमौर में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया था। प्रदेश के ऊंचाई व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्र में बारिश की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बीस जून के बाद हिमाचल में मानसून की झमाझम बारिश शुरू हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- सीएम जयराम बोले: सराज को मिला मान-सम्मान बरकरार रखना आपके जिम्मे
हिमाचल में बीते रोज हुई बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर दर्ज की गई। लेकिन इसके साथ ही चले आंधी तुफान (Thunder Storm) ने लोगों को काफी नुकसान पहुंचा। किसानों और बागवानों की फसलों को इस आंधी से खासा नुकसान हुआ है। शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में सेब के पौधों से सेब झड़ गए हैं। बता दें कि बाहरी राज्यों में पड़ रही भारी गर्मी से निजात पाने के लिए सैलानी हिमाचल का रूख कर रहे हैं। लेकिन उन्हें यहां भी राहत नहीं मिल रही है। हिमाचल में बारिश के कम होने से गर्मी बढ़ रही है, लेकिन अब मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। प्रदेश में 15 जून से पूरे प्रदेश में बारिश के आसार हैं। जबकि 20 जून से हिमाचल में मानसून दस्तक देगी। जिसके बाद प्रदेश में झमाझम बारिश होगी।
बता दें कि पिछले 24 घंटों में सोलन में 19.2, हमीरपुर में 8.5, कुल्लू व भुंतर में 8.3, सुंदरनगर में 6.3, बिलासपुर के बरठीं में चार, कांगड़ा में करीब एक मिलीमीटर वर्षा हुई। बारिश के बाद अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट चंबा सात डिग्री तक आई है। कुल्लू के भंतर में 4.6 डिग्री तापमान गिरा।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

