- Advertisement -
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव (Vidhan Sabha Election) से पहले नेता अपना राजनीतिक भविष्य तलाशते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में पाले बदलने का खेल जारी है। इसी बीच कसुम्पटी से विधायक अनिरुद्ध सिंह की भी कांग्रेस छोड़ बीजेपी (BJP) में जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में गूंजने लगी। जिसे कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध सिंह (Congress MLA Anirudh Singh) ने सामने आकर सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वह चुनाव की तैयारियां कर रहे हैं और कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान खुद भी धरती पर आकर बीजेपी या किसी अन्य दल में जाने के लिए कहेंगे, तो भी वे कांग्रेस पार्टी को छोड़कर नहीं जाएंगे। विधायक अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी (Congress Party) के वफादार सिपाही हैं। उनकी पार्टी से कभी कोई नाराजगी नहीं रही। अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कुछ कांग्रेस के ही लोग उनके खिलाफ प्रपंच रखने की कोशिश कर रहे है। यह ऐसे लोग हैं, जो खुद वॉर्ड सरपंच का चुनाव भी जीत नहीं सकते। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने इलाके के लोगों के लिए काम किया है और भविष्य में भी काम करते रहेंगे। वह संगठन के वफादार हैं और कांग्रेस पार्टी में रहकर ही जनता की सेवा करेंगे।
- Advertisement -