-
Advertisement

सास ने करवाई विधवा बहू की शादी, इलाके में हर तरफ हो रही तारीफ
Last Updated on July 4, 2022 by Neha Raina
भारत में बहुत सारी ऐसी जगह हैं, जहां से आज भी कुरीतियों की खबरें आती रहती हैं। वहीं, बहुत बार ऐसे परंपराओं की खबरें भी सामने आती हैं जो समाज में सुधार की उम्मीदों को बढ़ाती हैं। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के धमतरी से भी सामने आया है। यहां एक सास ने अपनी विधवा बहू की पूरे रीति-रिवाज से शादी करवाई है। इस शादी की इलाके में हर जगह तारीफ हो रही है।
ये भी पढ़ें-यहां हर साल विधवा का जीवन जीती हैं सुहागिनें, 5 महीने नहीं करती श्रृंगार
छत्तीसगढ़ के धमतरी स्थित रिसाई पारा के नागेश्वर मंदिर में कृतिलता सिन्हा (32) और दुर्गेश सिन्हा (40) शादी के बंधन में बंध गए। जानकारी के अनुसार, दो साल पहले कृतिलता के पति गजेंद्र की हार्ट अटैक के कारण मौत हो गई थी। जिसके बाद कृति अपने पांच साल के बच्चे के साथ अकेले रह गई। कृतिलता ने पूरा जीवन इसी तरह अकेले बिताने का मन बना लिया था, लेकिन कृतिलता की सास और जनपद पंचायत सदस्य यमुना देवी ने उनकी दोबारा शादी करवाने का निर्णय लिया। कृतिलता की सास ने कृतिलता को दोबारा शादी करने के लिए राजी किया, लेकिन इस फैसले को अंजाम देना उनके लिए आसान नहीं था। इस विधवा विवाह को समाज को स्वीकार करवाना उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती थी, लेकिन सब आराम से हो गया।
कृतिलता की सास यमुना देवी सिन्हा ने बताया कि उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन उनकी बहू कृतिलता का अभी पूरा जीवन बाकी है इसलिए उन्होंने ऐसा फैसला लिया और मां बनकर उसे विदा किया। कृतिलता की शादी अब एक विधुर से की गई है। ये शादी समाज को सदियों पुरानी कुरीतियों के फेर से बंधन मुक्त करने का संदेश दे रही है।