-
Advertisement
लोगों ने रिजेक्ट की दल बदलने की राजनीति, हिमाचल सरकार पूरी तरह सुरक्षित
Mukesh Agnihotri: ऊना जिला मुख्यालय के पीजी कॉलेज में चल रही मतगणना (Vote Counting) के बीच डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री (Deputy CM Mukesh Agnihotri) भी विधानसभा उपचुनाव में विजेता रहे, कांग्रेस के प्रत्याशी राकेश कालिया और विवेक शर्मा को बधाई देने के लिए पीजी कॉलेज पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) की जनता ने दल बदल की राजनीति को पूरी तरह रिजेक्ट कर दिया है। हिमाचल प्रदेश की सरकार अब पहले से भी ज्यादा मजबूत और टिकाऊ है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार को तोड़ने का जिस तरह से षड्यंत्र रचा गया उसको लेकर जनता में काफी गुस्सा था और जनता ने पूरा इंसाफ किया है। कांग्रेस को महज एक विधायक सरकार की मजबूती के लिए और चाहिए था, लेकिन जनता ने चार विधायक कांग्रेस की झोली में डाल दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस की जीत (Congress Wins) हिमाचलीयत की जीत है।

कांग्रेस ने दो फ्रंट पर चुनाव लड़ा
प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों (Lok Sabha Seat) पर कांग्रेस की हुई करारी हार के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश की सरकार को बचाने के प्रयास में थी, जिसके चलते कांग्रेस ने दो फ्रंट पर चुनाव लड़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में बेशक बीजेपी लोकसभा सीटों को जीतने में कामयाब रही है लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि जहां तक हिमाचल प्रदेश का सवाल है तो हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक स्थिरता लाना प्रदेश कांग्रेस का पहला कर्तव्य था। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर हर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया और उसी के चलते आज बीजेपी देश भर में कमजोर हुई है।

